Hirni Falls: सैलानियों को आकर्षित करता है हिरणी फॉल, नए साल में लें खूबसूरत वादियों का आनंद
Hirni Falls हिरणी फॉल की सबसे बड़ी खासियत है कि यहां की खूबसूरत वादियां हैं। ये घने जंगल के बीच पहाड़ियों में स्थित है।
रांची, [जागरण स्पेशल]। Hirni Falls रांची के आसपास कई बड़े फॉल और झरने हैं जो लोगों को आकर्षित करते हैं। मगर रांची से 72 किमी दूर हिरणी फॉल की प्राकृतिक सुंदरता लोगों को काफी दूर-दूर से खींचकर ले आती है। यहां के मनभावन नजारे के बीच पिकनिक मनाने का मजा ही कुछ और हैं। लोग नए साल पर यहां अपने परिवार और दोस्तों के साथ आते हैं। पहाडिय़ों के बीच गिरता झरना और हरे-भरे पेड़ पौधों के बीच पिकनिक का आनंद कई गुना बढ़ जाता है। ये फॉल पश्चिम सिंहभूम के बंदगांव प्रखंड में स्थित है। झरने का पानी 300 फीट ऊपर से गिरता है।
हिरणी फॉल की सबसे बड़ी खासियत है कि यहां की खूबसूरत वादियां हैं। ये घने जंगल के बीच पहाडिय़ों में स्थित है। यहां दिसंबर पहले सप्ताह से ही सैलानियों का आना आरंभ हो जाता है। जो मार्च के अंतिम सप्ताह तक जारी रहता है। हालाकि इसके बाद भी काफी लोग आते हैं मगर प्राकृतिक दृष्टि से गर्मी के कारण हरियाली थोड़ी कम हो जाती है। चारों ओर पहाड़ों से घिरा होने के कारण लोग प्रकृति से यहां खुद को अच्छे से जोड़ पाते हैं। यहां आने वाले ज्यादातर सैलानी वन भोज भी करते हैं। वन भोज मनाने के लिए लोगों फॉल से कुछ दूर पर सारा समान मिल जाता है। इसके साथ ही जरुरत हो तो खाना बनाने वाले लोग भी बहुत कम पैसे खर्च करके मिल जाते हैं।
पर्यटकों की सुविधा के सारे इंतजाम
सरकार की ओर से पर्यटकों की सुविधा के लिए हर सुविधा का विकास किया जा रहा है। कुछ सालों पहले यहां पर्यटकों को लुभाने के लिए आकर्षक पार्क का भी निर्माण कराया गया है। यहां सैलानियों के लिए एक बड़ा रेस्ट हाउस की भी व्यवस्था की गयी है। इसके अलावा अगर आप ग्रामीण परिवेश में अपना समय बिताना चाहते हैं तो कुछ ग्रामीणों के द्वारा वहां रहने की व्यवस्था भी की जाती है। पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए दिसंबर से मार्च तक यहां के ग्रामीण विभिन्न चीजों की दूकान भी लगाते हैं। ये उनके आय का मुख्य साधन है।
पार्किंग की व्यवस्था
पर्यटकों के वाहन पार्किंग के लिए पर्याप्त व्यवस्था है। वाहन पार्किंग के लिए 20 रुपये लिए जाते हैं। इसी 20 रुपये से हिरणी जल प्रपात समिति के सदस्य साफ-सफाई की व्यवस्था करते हैं।
रहती है सुरक्षा की व्यवस्था
हिरणी फॉल के आसपास के इलाकों में दिसंबर से लेकर मार्च तक सुरक्षा व्यवस्था रहती है। इसके साथ ही दिन और रात पुलिस की गश्ती भी होती है। हालांकि शाम के बाद इस स्थान पर पर्यटकों के रहने की मनाही है। मगर पास के गेस्ट हाउस में लोग रात में भी रुक सकते हैं।
कैसे पहुंचे यहां
हिरणी जल प्रपात चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन से लगभग 45 किलो मीटर दूर है। सीकेपी स्टेशन से उतर कर हिरणी जल प्रपात जाने के लिए बस मिलती है। इसके अलावा स्टेशन के बाहर से छोटे वाहनों की भी बुकिंग कर परिवार और दोस्तों के साथ हिरणी जल प्रपात पहुंचा जा सकता है।
यह भी पढ़ें: सर्दियों में स्वस्थ रहना है तो खाएं साग, अपनाएं ये नुस्खा Ranchi News
यह भी पढ़ें: Sohrai and Kohbar Art: झारखंड ने देश को दी सोहराय व कोहबर कला, मिलेगा GI टैग