Hindpiri Ranchi News: हिंदपीढ़ी की बेटी जीनत फिरदौस घर वापस लौटी, मोहनपुर से हुई बरामद
Hindpiri Ranchi Girl Zeenat Returns मोती मस्जिद हिंदपीढ़ी रांची की रहने वाली लड़की जीनत फिरदौस भटकते हुए ठाकुरगांव मोहनपुर चली गई थी।
रांची, जासं। कोरोना वायरस के संक्रमण के दौर में भी मानवता अपना काम कर रही हैं। राजधानी रांची के हिंदपीढ़ी इलाके की रहने वाली लड़की जीनत फिरदौस गलती से भटकते हुए ठाकुरगांव मोहनपुर चली गई। मोती मस्जिद हिंदपीढ़ी रांची की रहने वाली इस लड़की के गुम होने से पूरे इलाके के लोग परेशान थे। तलाश के बीच पता चला कि लड़की मोहनपुर पहुंच गई है। वहां के रहने वाले अमन राज को जीनत गांव में भटकते हुए मिली।
इसके बाद अमन ने लड़की को पूरे इज्जत के साथ अपने घर में आसरा दिया। उसके परिवार वालों से संपर्क का प्रयास किया। इसकी जानकारी डिफेंस टीम, रांची और अल अंसार मोमिन पंचयत को दी। हिंदपीढ़ी निवासी अबुजर गफ्फार ने बताया कि अल अंसार मोमिन पंचयत के सदर जावेद और उनके साथी रात में ही गाड़ी बुक कर के ठाकुरगांव पहुंचे और लड़की जीनत को ले कर वापस रांची आ रहे हैं।
इधर मोहल्ले की लड़की जीनत के अपने घर सकुशल लौटने पर हिंदपीढ़ी के लोगों ने ठाकुरगांव मोहनपुर के अमन राज और वहां के थाना के लोगों का दिल से आभार व्यक्त किया। अल अंसार मोमिन पंचयत के तमाम लोगों के प्रति भी इलाके के लोगों ने आभार व्यक्त किया है। हिंदपीढ़ी के लोगों ने कहा कि ऐसे कदमों से ही मानवता हमेशा-हमेशा के लिए फलती-फूलती रहेगी।