Jharkhand: मधुपुर बना झारखंड का सियासी अखाड़ा... हेमंत -बाबूलाल में जोरदार टक्कर...
Hemant Soren babulal Marandi Jharkhand News मधुपुर विधानसभा उपचुनाव के बहाने प्रदेश की राजनीति यहां केंद्रित हो गई है। सत्ता पक्ष-विपक्ष के लिए इस सीट पर जीत दर्ज करना बड़ी चुनौती है और इसी आलोक में दोनों ओर से तमाम सीनियर नेता मधुपुर में कैंप कर रहे हैं।
रांची, राज्य ब्यूरो। Hemant Soren, babulal Marandi, Jharkhand News मधुपुर विधानसभा उपचुनाव के बहाने प्रदेश की राजनीति उसी इलाके में केंद्रित हो गई है। सत्ता पक्ष और विपक्ष के लिए इस सीट पर जीत दर्ज करना बड़ी चुनौती है और इसी आलोक में दोनों ओर से तमाम सीनियर नेता मधुपुर में कैंप कर रहे हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन स्वयं छह दिवसीय प्रवास पर मधुपुर में हैं। चुनाव से पहले वे सभी इलाकों में पार्टी के प्रमुख नेताओं और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने में जुटे हैं। सत्ता पक्ष से कांग्रेस ने भी कोई कोर कसर नहीं छोड़ी है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सह वित्त मंत्री डा. रामेश्वर उरांव तीन दिन कैंप कर शनिवार को ही रांची लौटे हैं तो अभी कई कांग्रेसी नेता मधुपुर में ही प्रचार कार्यक्रम में जुटे हुए हैं। कांग्रेस के नेता फुरकान अंसारी, आलमगीर आलम आदि भी इलाके में सक्रिय हैं। पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष राजेश ठाकुर, इरफान अंसारी और अन्य कई नेता इस इलाके में अपने-अपने स्तर से झामुमो प्रत्याशी की मदद कर रहे हैं। राजद के भी कई नेता इलाके में झामुमो प्रत्याशी को जिताने के लिए सक्रिय हैं।
दूसरी ओर, विपक्ष भी कम नहीं है। भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी लगातार इलाके में आम लोगों और पार्टी के नेताओं के साथ-साथ कार्यकर्ताओं के बीच सक्रिय हैं। रघुवर दास भी शनिवार को वहां पहुंचे और सभा में भाजपा प्रत्याशी को वोट देने की अपील की। उन्होंने क्षेत्र के कार्यकर्ताओं को भी चुनाव को लेकर सक्रिय किया। भाजपा की सहयोगी आजसू पार्टी के कई नेता भी चुनाव में सक्रिय हैं।
कुल मिलाकर पूरे प्रदेश की सियासत का नया केंद्र फिलहाल मधुपुर विधानसभा क्षेत्र बन गया है और सभी क्षेत्रों से नेता इस इलाके में आकर कैंप कर रहे हैं। प्रचार अभियान में शामिल हो रहे हैं। जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे नेताओं की भीड़ भी बढ़ रही है।