हेमंत साेरेन बोले, पैसे के बल पर विधायकों को खरीद रही भाजपा
Jharkhand. प्रतिपक्ष के नेता ने कहा कि रघुवर दास ने झारखंड को ठगने और लूटने का कीर्तिमान स्थापित किया है। झामुमो झारखंड को भाजपा के झूठ से मुक्त कराएगी।
रांची, राज्य ब्यूरो। झारखंड मुक्ति मोर्चा ने विपक्षी दलों के विधायकों के भाजपा में शामिल होने पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने कहा कि भाजपा पैसे के बल पर विपक्षी विधायकों को खरीद रही है। मुख्यमंत्री रघुवर दास के तमाम वादे फेल हो गए। राज्य में चारों तरफ अराजकता फैल रही है। 16 साल शासन कर भाजपा ने सिर्फ झारखंड को लूटा है।
रघुवर दास ने तो पिछले पांच साल में ठगने और लूटने का कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। झामुमो झारखंड को भाजपा के झूठ से मुक्त कराएगी। हमें मौका मिला तो पिछड़ों को 27 प्रतिशत आरक्षण, आदिवासी समाज को 28 प्रतिशत आरक्षण, एससी को 12 प्रतिशत आरक्षण देंगे। सामान्य वर्ग के गरीब छात्रों को मुफ्त शिक्षा और छात्रवृति देंगे। भाजपा कभी भी राज्य की हितैषी नहीं रही।