बुधवार से रांची एयरपोर्ट से बढ़ेगी तीन फ्लाइटें, हेमंत सरकार ने दी हरी झंडी Ranchi News
बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के निदेशक ने राज्य सरकार से तीन फ्लाइटें बढ़ाने की अनुमति मांगी थी। फिलहाल तीन फ्लाइट बढ़ाने की अनुमति मिल गई है। इनमें से दो फ्लाइट बढ़ाने की अनुमति गो एयर ने मांगी थी।
रांची (जागरण संवाददाता)। रांची एयरपोर्ट से बुधवार से राज्य सरकार ने 3 फ्लाइट बढ़ाने को हरी झंडी दे दी है। यह तीन फ्लाइटें मुंबई और हैदराबाद के लिए चलेंगी। दो फ्लाइट मुंबई के लिए और एक फ्लाइट हैदराबाद के लिए बढ़ाई जा रही है। इनमें से दो फ्लाइट गो एयर चलाएगा और एक फ्लाइट इंडिगो चलाने जा रहा है। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के निदेशक ने राज्य सरकार से तीन फ्लाइटें बढ़ाने की अनुमति मांगी थी। फिलहाल तीन फ्लाइट बढ़ाने की अनुमति मिल गई है। इनमें से दो फ्लाइट बढ़ाने की अनुमति गो एयर ने मांगी थी। गो एयर हैदराबाद के लिए एक फ्लाइट और मुंबई के लिए एक फ्लाइट बढ़ाना चाहता है।
बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के निदेशक विनोद शर्मा ने बताया की अनुमति मिल जाने के बाद बुधवार से ही गो एयर अपनी नई फ्लाइट शुरू कर देगा। इसी तरह इंडिगो ने भी मुंबई के लिए एक फ्लाइट बढ़ाने की अनुमति मांगी थी। यह अनुमति भी मिल गई है। यह फ्लाइट भी जल्द ही शुरू कर दी जाएगी। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के निदेशक विनोद शर्मा ने बताया कि रांची एयरपोर्ट से अभी 10 फ्लाइटें उड़ान भरती हैं। इनमें से हैदराबाद के लिए एक, मुंबई के लिए दो, बेंगलुरु के लिए दो और दिल्ली के लिए पांच फ्लाइटें रोज उड़ान भरती हैं।
एयरपोर्ट के निदेशक ने बताया कि जल्द ही 5 और फ्लाइट बढ़ाने का प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा गया है। उस पर अनुमति मिलने के बाद और फ्लाइट बढ़ाने पर विचार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अब हवाई अड्डे से यात्रियों की संख्या में इजाफा हो रहा है। इस वजह से यहां से फ्लाइट की संख्या बढ़ाने की कवायद शुरू की गई है। अभी चार शहरों के लिए ही उड़ेंगे हवाई जहाज अभी रांची एयरपोर्ट से दिल्ली, हैदराबाद, बेंगलुरु और मुंबई समेत चार शहरों के लिए ही हवाई जहाज उड़ान भरेंगे। नए शहरों के लिए जहाज उड़ान नहीं भरेंगे। अभी देश में कोरोना को लेकर हालात संजीदा हैं। माहौल ठीक होने पर और शहरों को भी जहाज उड़ान भरेंगे।