नौसेना के जहाज के लिए उपकरण बनाएगा एचईसी
HEC. एचईसी नौसेना के जहाज के लिए उपकरण तैयार करेगी। इसे लेकर गोवा में तीनों कंपनी के बीच आपसी सहमति बनी है।
रांची, जासं : एचईसी नौसेना के जहाज के लिए उपकरण तैयार करेगी। कंपनी जहाज के लिए प्रोपलर शॉफ्ट तैयार करेगी। इस दिशा में मजगाव शिपयार्ड लिमिटेड और रूस की कंपनी जेएससी रोसोबोर्न एक्सपोर्ट संयुक्त रूप से काम करेगी। इसे लेकर गोवा में तीनों कंपनी के बीच आपसी सहमति बनी है।
इस मौके पर रूस की दो कंपनियों जेएससी बाल्टिक शिपयार्ड और जेएससी शिप बिल्डिंग कारपोरेशन के अधिकारी भी उपस्थित थे। बैठक में निर्णय लिया गया कि इस मुद्दे पर नियमित वार्ता करने और इसे अंतिम स्वरूप अप्रैल में प्रदान किया जाएगा। अप्रैल में एचईसी में नेवी कॉनक्लेव में इस पर अंतिम समझौता किया जाएगा। कॉनक्लेव में देश की सभी शिपिंग कंपनी, निजी कंपनियों को भी आमंत्रित करने का निर्णय लिया गया। भारत-रूस अंतर शासकीय आयोग की बैठक में यह निर्णय लिया गया। इसमें एचईसी के उत्पादन निदेशक राणा चक्रवर्ती, मार्केटिंग प्रमुख के सूत्रधार और दोनों कंपनियों के अधिकारी शामिल हुए।
अधिकारियों के अनुसार मजगाव शिपयार्ड लिमिटेड को बड़ी संख्या में नौसेना के युद्धपोतों का निर्माण करना है। कंपनी ने इसके लिए एचईसी को सहयोगी बनाया है। यह एचईसी के लिए बड़ी उपलब्धि है। बीते कुछ वर्षो में एचईसी को वर्कऑर्डर के ग्राफ में काफी सुधार हुआ है। इसके पहले भी देश की बड़ी -बड़ी परियोजनाओं में एचईसी अपना योगदान दे चुका है। एचईसी को रांची का गौरव माना जाता है।