Weather Alert: झारखंड में 50 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से आंधी, कई इलाकों में बारिश
Weather Alert. एक दिन पूर्व अधिकतम पारा 43 डिग्री तक पहुंच गया था जिससे उमस और गर्मी काफी बढ़ गई थी।
रांची, जेएनएन। झारखंड में बुधवार को मेघ गर्जन, आंधी-तूफान के साथ बारिश ने जोरदार दस्तक दिया है। सुबह से ही कई जिलाें में मौसम का मिजाज बदला और हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई। पिछले पांच दिनों में 43 डिग्री तक पहुंच गए पारे से हलकान हो रहे जनजीवन को हालांकि, बारिश की फुहारों से राहत मिली है। राजधानी रांची के अलावा गढ़वा में तेज हवाओं के साथ बूंदा बांदी हो रही है। गढ़वा, मेराल, रमना, श्री बंशीधर नगर, विशुनपुरा में वर्षा हो रही है। मौसम पूर्वानुमान में भी हल्की से तेज बारिश की संभावना जताई गई है। अगले दो से तीन घंटों में चतरा, हजारीबाग और पूर्वी सिंहभूम में बारिश, वज्रपात और 50 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से आंधी चलने के आसार हैं।
बुधवार सुबह से ही मौसम का रुख बदल गया और देखते-देखते आसमान में काले बादलों का जमघट लग गया। गरज चमक के साथ बारिश शुरू हुई जो काफी देर तक जारी रही। इससे एक दिन पूर्व अधिकतम पारा 43 डिग्री तक पहुंच गया था जिससे उमस और गर्मी में काफी इजाफा हो गया था। मौसम विज्ञानियों के अनुसार अगले 48 घंटों तक मौसम के ऐसे ही रहने की संभावना है, इसके बाद गर्मी में और भी बढोतरी होगी। वहीं कृषि विशेषज्ञों के अनुसार खेतों में कटने के लिए तैयार गेहूं की फसल का उत्पादन काफी प्रभावित होगा। तेज हवाओं की वजह से आम का उत्पादन भी प्रभावित होने की आशंका बाग मालिकों ने जताई है।
मौसम वैज्ञानिक आरएस शर्मा ने बताया कि बुधवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे और एक या दो बार गरज के साथ बारिश होगी। 18 व 19 अप्रैल को भी आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। 20 अप्रैल से आसमान साफ रहेगा। आगामी तीन दिनों में रांची के अधिकतम तापमान में एक-दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की संभावना है।