गोली लगने से घायल दारोगा से मिले स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, किया सम्मानित
स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता शुक्रवार को विधानसभा सत्र से सीधे मेडिका पहुंचे और गुरुवार को बदमाशों की गोली से घायल हुए चुटिया थाना के सब इंस्पेक्टर सुभाष चंद्र लकड़ा से मुलाकात की। उनका कुशलक्षेम पूछा। उनसे पूरी घटना की जानकारी ली और बहादुरी के लिए प्रोत्साहित किया।
रांची,जासं। स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता शुक्रवार को विधानसभा सत्र से सीधे मेडिका पहुंचे और गुरुवार को बदमाशों की गोली से घायल हुए चुटिया थाना के सब इंस्पेक्टर सुभाष चंद्र लकड़ा से मुलाकात की। उनका कुशलक्षेम पूछा। उनसे पूरी घटना की जानकारी ली और बहादुरी के लिए प्रोत्साहित किया। गौरतलब है कि चुटिया थाना के सब इंस्पेक्टर सुभाष चंद्र लकड़ा ने कल साहस दिखाते हुए चैन छिनतई कर भाग रहे बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की । इसी क्रम में बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी।
उन्हें इलाज के लिए मेडिका में भर्ती कराया गया है। मंत्री बन्ना गुप्ता अस्पताल पहुंच उनसे मिलकर कुशलक्षेम पूछा और हौसला अफजाई की। साथ ही बहादुरी के लिए 5000 रुपये और शॉल देकर सम्मानित किया। वे घायल सब इंस्पेक्टर के परिजनों से भी मिले और घटना की जानकारी ली। साथ ही मेडिका प्रबंधन को बेहतर इलाज का निर्देश दिया।
उधर चुटिया थाना के दरोगा सुभाष लकड़ा को गोली मारने वाले दो अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी सुरेंद्र कुमार झा ने प्रेस कांफ्रेंस कर मामले में अधिकारिक जानकारी दी। लूट मामले में अपराधियों को गिरफ्तार करने गए दरोगा पर अपराधियों ने फायरिंग की थी। उनकी जांघ गोली में लगी थी । 12 घंटे के अंदर ही रांची पुलिस ने अपराधियों को हजारीबाग से दबोच लिया।