Health Center in Ranchi: रांची में 25 जगह खोले जाएंगे स्वास्थ्य केंद्र, 50 करोड़ की आएगी लागत
Health Center in Ranchi Jharkhand Hindi News कोरोना की तीसरी लहर की तैयारी को लेकर सरकार के साथ रांची नगर निगम भी सक्रिय हो गया है। रांची में स्वास्थ्य केंद्र खोले जाने के लिए वार्ड पार्षदों से बिल्डिंग मांगी गई है।
रांची, जासं। राजधानी रांची में 50 करोड़ रुपये की लागत से 25 जगहों पर स्वास्थ्य उप केंद्र खोला जाएगा। इन स्वास्थ्य केंद्रों पर ऑक्सीजन युक्त बेड समेत इलाज की विभिन्न सुविधाएं और साजो सामान मुहैया कराया जाएगा। इन स्वास्थ्य उपकेंद्र की स्थापना 15वें वित्त आयोग द्वारा दिए गए फंड से की जाएगी। इसे लेकर डीडीसी के कार्यायल में रविवार को बैठक हुई। इसमें वार्ड पार्षदों से बिल्डिंग की सूची मांगी गई है। पांच वार्ड पार्षदों ने बिल्डिंग की सूची दे दी है।
इनमें वार्ड नंबर 26 के पार्षद अरुण झा के अलावा वार्ड पार्षद नकुल, वार्ड पार्षद हुस्न आरा और बसंती लाकड़ा शामिल हैं। बाकी वार्ड पार्षद भी जल्द ही बिल्डिंग की सूची तैयार कर रांची नगर निगम के जिला स्वास्थ्य समिति के सदस्य और वार्ड पार्षद अरुण झा को सौंप देंगे। अरुण झा इस सूची को समिति को सौंपेंगे। अरुण झा ने बताया कि स्वास्थ्य उप केंद्र के लिए जो बिल्डिंग मांगी जा रही है, वह कम से कम 2000 से 2500 वर्ग फीट के बीच होनी चाहिए। इस योजना के तहत बिल्डिंग का निर्माण कार्य कराने का प्रावधान नहीं रखा गया है।
पहले से मौजूद बिल्डिंग को ही स्वास्थ्य उप केंद्र के तौर पर विकसित करने की योजना है। सरकार कोरोना की तीसरी लहर की आशंका को ध्यान में रखते हुए शहर में इतने बड़े पैमाने पर स्वास्थ्य उप केंद्र खोलने जा रही है। साथ ही इससे स्वास्थ्य सेवाओं को भी उन्नत बनाया जा सकेगा। रविवार की शाम को मोरहाबादी स्थित डीसी के आवास पर समिति की एक बैठक होना था, लेकिन यह टल गई।