तमाड़ व मांडर प्रत्याशियों के बीच आज बांटा जाएगा चुनाव चिह्न
जागरण संवाददाता रांची मांडर और तमाड़ विधानसभा में स्क्रूटनी के बाद गुरुवार नाम वापसी और
जागरण संवाददाता, रांची : मांडर और तमाड़ विधानसभा में स्क्रूटनी के बाद गुरुवार नाम वापसी और चुनाव चिह्न का आवंटन होगा। मांडर से 14 और तमाड़ विधानसभा से 17 उम्मीदवार मैदान में हैं। दूसरे चरण के लिए दोनों विधानसभा में सात दिसंबर को मतदान है। उल्लेखनीय है कि दोनों विधानसभाओं में कुल 17-17 नामाकन दाखिल किए गए थे। माडर विधानसभा के लिए तीन नामाकनों को स्क्रूटनी के बाद रद कर दिया गया। जबकि तमाड़ में सभी नामांकन सही पाए गए। तमाड़ में नामवापसी नहीं होने पर दो इवीएम की जरूरत पड़ेगी। क्योंकि प्रत्याशियों की संख्या 17 है। एक इवीएम मशीन में अधिकतम 15 प्रत्याशी के नाम ही अंकित किये जा सकते हैं। इवीएम का 16वा बटन नोटा के लिए होता है। इस प्रकार यदि तमाड़ में नाम वापसी नहीं होता है तो एक ईवीएम में कुल 16 प्रत्याशी व दूसरे ईवीएम में एक प्रत्याशी व एक नोटा का प्रयोग किया जा सकेगा। मांडर विधानसभा के प्रत्याशी
झाविमों से बंधु तिर्की, आजसू से हेमलता उराव, ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस से फिलमोन टोप्पो, कांग्रेस से सन्नी टोप्पो, राष्ट्रीय महिला पार्टी की गीता उराईंन, भाजपा से देव कुमार धान, पीपुल्स पार्टी ऑफ इंडिया (डेमोक्रेटिव) संजय महली, एआइएमआइएम से शिशिर लकड़ा, बसपा से मुन्ना लोहरा, शिवसेना से एतवा लोहरा, निर्दलीय सुशील कुजूर, निर्दलीय से रामलखन महली, निर्दलीय से ग्लैडविन पॉल मिंज, लोक जन विकास मोर्चा के सुनील उराव मैदान में बने हुए हैं। तमाड़ विधानसभा
भाजपा से रीता देवी मुंडा, आजसू पार्टी से रामदुर्लभ सिंह मुंडा, झामुमो से विकास कुमार मुंडा ,एनसीपी - से गोपाल कृष्ण पातर उर्फ राजा पीटर, झापा से कुंदन पाहन, जदयू से सुनील कुमार मुंडा, झाविमो प्रेम शंकर शाही मुंडा, भारतीय महिला पार्टी से सोनी ओड़ेया, बसपा से देवी दयाल सिंह मुंडा , टीएमसी से किशोर कुमार भगत, झापा सेक्यूलर -से रक्षितेष सिंह मुंडा, निर्दलीय डॉ. प्रकाश चंद्र उराव, हाराधन सिंह मुंडा, बलीराम मुंडा , एपीआई से डालचंद सिंह, निर्दलीय संजय सिंह मुंडा और निर्दलीय लक्ष्मी मुंडा हैं।