अब टीवी से पढ़ेंगे बच्चे, दूरदर्शन पर चलेगी सरकारी स्कूलों की कक्षाएं
Jharkhand. पब्लिक स्कूलाें की तरह सरकारी विद्यालयों को स्थापित करने की कवायद शुरू हो गई है। शिक्षा मंत्री ने गुरुवार को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को लेकर अधिकारियों से राय मांगी है।
चतरा, जासं। सरकारी स्कूलों के बच्चों के लिए दूरदर्शन के जरिये कक्षाएं शुरू की जा रही है। यह व्यवस्था 11 मई से शुरू हो रही है और दस जून तक जारी रहेगी। यह जानकारी शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो ने गुरुवार को चतरा में पत्रकारों को दी। शिक्षा मंत्री एक दिवसीय प्रवास के तहत यहां आए थे। स्थानीय परिसदन में स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध मंत्री अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उपायुक्त जितेंद्र कुमार सिंह, अपर समाहर्ता संतोष कुमार सिन्हा व जिला शिक्षा अधीक्षक जितेंद्र कुमार सिन्हा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
शिक्षा मंत्री ने पब्लिक स्कूलाें की तरह सरकारी विद्यालयों को स्थापित करने को लेकर अधिकारियों के साथ विचार विमर्श किया। उन्होंने इसके लिए संभावनाएं तलाशने की जवाबदेही अधिकारियों को दी है। कहा कि संभावनाएं तलाशिये, व्यवस्था को बेहतर बनाई जाएगी। पब्लिक स्कूल से बढ़िया शिक्षा व्यवस्था सरकारी स्कूलों की करनी है। एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि संसाधनों का अभाव है। लेकिन उसके बाद भी बेहतर किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि अधिकारी अपनी राय से अवगत कराएं, निश्चित रूप से उस पर अमल किया जाएगा।
इससे पूर्व उन्होंने बैठक में विद्यालयों में विद्युतीकरण, शौचालय, पठन-पाठन समेत अन्य जानकारियां जिला शिक्षा अधीक्षक जितेंद्र कुमार सिन्हा से ली। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में प्रर्याप्त व्यवस्था को सुनिश्चित कराया जाए। पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री ने कहा कि कोरोना को लेकर शैक्षणिक संस्थानों के बंद होने के कारण अगले एक माह तक दूरदर्शन पर कक्षाएं संचालित होगी। यह व्यवस्था 11 मई से 10 जून तक चलेंगी। राज्य सरकार द्वारा तैयार डिजिटल कंटेंट का प्रसारण दूरदर्शन पर होगा। यह प्रसारण सोमवार से शुक्रवार तक प्रत्येक दिन तीन घंटे होगा।