Home Guard: झारखंड होमगार्ड को फिर खुशखबरी, 3100 गृह रक्षकों को मिली बड़ी जिम्मेवारी
Jharkhand Home Guard मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पहले दिए गए आदेश के बाद गृह विभाग झारखंड सरकार ने पुलिस मुख्यालय को स्वीकृति पत्र भेजा है। अब होम गार्ड स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह के दौरान जिला पुलिस-प्रशासन को सहयोग करेंगे।
रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand Home Guard कोरोना वायरस के संक्रमण को देखते हुए राज्य में जारी स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह के दौरान विधि-व्यवस्था संभालने के लिए अब गृह रक्षकों को भी लगाया जा रहा है। राज्य सरकार की अनुमति मिलने के बाद गृह विभाग ने गुरुवार को इससे संबंधित स्वीकृति पत्र पुलिस मुख्यालय को भेज दिया है। विधि व्यवस्था ड्यूटी के लिए सभी जिलों में फिर 3100 गृह रक्षकों को भेजा गया है। गृह विभाग के संयुक्त सचिव सतीश कुमार के हस्ताक्षर से गुरुवार को पत्र जारी किया गया है।
इससे पहले 27 अप्रैल को भी रांची जिले को 120 गृह रक्षक दिए गए थे। ये गृह रक्षक रांची के सदर अस्पताल में ऑक्सीजन सिलेंडर की सुरक्षा व मरीजों तक ऑक्सीजन सुनिश्चित करने के कार्य में लगाए गए हैं। अब राज्य के सभी जिलों में दिए गए 3100 गृह रक्षक भी वहां की जिला पुलिस को विधि-व्यवस्था संभालने में सहयोग करेंगे।
किस जिले को मिले कितने गृह रक्षक
- रांची (200)
- खूंटी (100)
- रामगढ़ (100)
- लोहरदगा (100)
- गुमला (100)
- सिमडेगा (100)
- जमशेदपुर (200)
- चाईबासा (100)
- सरायकेला (100)
- धनबाद (200)
- बोकारो (200)
- पलामू (200)
- गढ़वा (100)
- लातेहार (100)
- हजारीबाग (200)
- चतरा (100)
- कोडरमा (100)
- गिरिडीह (200)
- दुमका (100)
- जामताड़ा (100)
- साहिबगंज (100)
- पाकुड़ (100)
- गोड्डा (100)
- देवघर (100)