Echo Test of Heart: दिल के मरीजों के लिए राहत भरी खबर, अब रिम्स में हो सकेगी इको जांच
Heart Disease Echo Test RIMS Ranchi Jharkhand News रांची के रिम्स में मरीजों के लिए 4डी इकोकार्डियोग्राफी मशीन लगाई गई है। इकोकार्डियोग्राफी मशीन के लगने के बाद राज्यभर से आनेवाले मरीजों को गुणवत्ता पूर्ण मेडिकल सुविधा और इलाज मिलेगा।
रांची, जासं। रांची के रिम्स में शनिवार से 4डी इकोकार्डियोग्राफी मशीन से जांच की शुरुआत हो गई है। इस मशीन के लगने के बाद अब हृदय की बीमारी से जूझ रहे मरीजों को इको जांच में राहत मिलेगी। रिम्स निदेशक डॉ. कामेश्वर प्रसाद ने बताया कि कार्डियोलॉजी में लगे इकोकार्डियोग्राफी मशीन स्टेट ऑफ आर्ट मशीन है। अभी तक इस मशीन को बहुत लंबे इंतजार के बाद मंगाया गया और इसका फायदा मरीजों को अब मिलेगा।
इकोकार्डियोग्राफी मशीन के लगने के बाद राज्यभर से आने वाले मरीजों को गुणवत्तापूर्ण मेडिकल सुविधा और इलाज मिलेगा। रिम्स के अधीक्षक डॉक्टर विवेक कश्यप ने बताया कि दिल के मरीजों के लिए यह सुविधा 24 घंटे उपलब्ध होगी। उद्घाटन के मौके पर कार्डियोलोजी विभाग के डाॅ. हेमंत नारायण राय, डाॅ. प्रकाश कुमार, डाॅ. प्रवीण कुमार श्रीवास्तव, डाॅ. प्रशांत कुमार, डाॅ. पीजी सरकार मौजूद थे। कार्डियोलॉजी विभाग के इकोकार्डियोग्राफी (इको) जांच मशीन आने से मरीज कम खर्च में इस जांच को करा पाएंगे।
वहीं अभी रिम्स में इको जांच कराने पहुंचे मरीज के परिजनों के मुताबिक जांच मशीन खराब होने के कारण उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता रहा है। मालूम हो कि कार्डियोलॉजी विभाग की इकोकार्डियोग्राफी जांच मशीन पिछले आठ महीने से खराब पड़ी थी।। इस वजह से इस जांच को कराने के लिए मरीजों को निजी जांच घरों का रुख करना पड़ता था। डाॅक्टरों के मुताबिक यह जांच ह्रदय रोग से ग्रसित मरीजों के लिए काफी जरूरी है। अगर सही समय पर इसकी जांच हो तो गंभीर मरीजों की जान बचाई जा सकती है।