मुंबई जा रहा गो एयरवेज का विमान उड़ान भरने के बाद खराब मौसम के कारण लौटा
रात में करीब 840 बजे रांची एयरपोर्ट पर उतर गया। पायलट की ओर से यात्रियों को कोई स्पष्ट जानकारी भी नहीं दी गई। इस बीच लगभग दो घंटे तक मुंबई जाने वाले यात्री विमान में ही बैठे रहे।
रांची, जासं। मौसम खराब होने के कारण रविवार को रांची से मुंबई जा रहे गो एयरवेज के विमान को बीच रास्ते से ही वापस लौटना पड़ा। यात्रियों ने बताया कि रांची स्थित बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से गो एयरवेज के विमान ने रात में करीब 7:40 बजे उड़ान भरी। लगभग सौ किलोमीटर की दूरी तय हुई होगी कि अचानक विमान वापस मुड़ गया और रात में करीब 8:40 बजे रांची एयरपोर्ट पर उतर गया। पायलट की ओर से यात्रियों को कोई स्पष्ट जानकारी भी नहीं दी गई। इस बीच लगभग दो घंटे तक मुंबई जाने वाले यात्री विमान में ही बैठे रहे।
यात्रियों का कहना था कि विमान में कुछ खराबी आ गई थी, जिसके कारण पायलट ने बीच रास्ते से विमान को वापस मोड़ लिया और रांची एयरपोर्ट पर उतारा। इधर, पायलट ने गो एयरवेज के मुख्यालय में अधिकारियों को मौसम खराब होने की सूचना दी है। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के निदेशक विनोद शर्मा ने बताया कि कि पायलट जेट फ्यूल लेकर दोबारा मुंबई के लिए उड़ान भरने की तैयारी में था।
इसी बीच मुख्यालय से विमान की उड़ान रद करने का निर्देश दिया गया। इसके बाद गो एयरवेज की रांची-मुंबई विमान रद कर दिया गया। उन्होंने बताया कि विमान रद होने के बाद जिन यात्रियों को रिफंड लेना था, उन्हें पूरा पैसा रिफंड किया गया। जबकि, शेष यात्री जो सोमवार को मुंबई जाना चाहते थे, उन्हें सोमवार के विमान का टिकट उपलब्ध कराया गया। फ्लाइट रद होने की सूचना मिलने पर कई यात्रियों ने सोमवार की फ्लाइट में अपना टिकट कराया, जबकि कुछ यात्रियों ने रिफंड लिया। विमान रद होने के कारण कुछ यात्रियों के परिजन भी काफी परेशान हुए।
विमान के पायलट ने सूचना दी कि मौसम खराब होने के कारण विमान को वापस लाया जा रहा है। इसके बाद बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर विमान को उतारा गया। जिन यात्रियों को पैसा रिफंड लेना था, उन्हें दिया गया है। यात्रियों को कोई असुविधा नहीं हुई है। उन्हें शिवानी इंटरनेशनल होटल में ठहराया गया है। विनोद शर्मा, एयरपोर्ट डायरेक्टर, बिरसा मुंडा एयरपोर्ट, रांची।