सीडीएस की परीक्षा में अंग्रेजी ने बढ़ाई परेशानी, जीके ने दी राहत
रांची में रविवार को यूपीएससी की सीडीएस-वन की परीक्षा हुई। इसमें जीके के पूछे गए प्रश्न से छात्रों को परेशानी नहीं हुई।
जागरण संवाददाता, रांची : राजधानी रांची में रविवार को यूपीएससी की सीडीएस-वन की परीक्षा 10 सेंटरों पर हुई। परीक्षा देकर सेंटर से बाहर निकले परीक्षार्थियों ने अंग्रेजी को कठिन तो सामान्य अध्ययन के प्रश्नों को आसान बताया। गणित के प्रश्न सामान्य थे। परीक्षा तीन पालियों में हुई। पहली पाली में 100 अंकों के 120 प्रश्न अंग्रेजी से, दूसरी पाली में भी 100 अंकों के 120 प्रश्न सामान्य अध्ययन से और तीसरी पाली में 100 अंकों के 120 प्रश्न गणित से पूछे गए थे। एक गलत उत्तर के लिए एक तिहाई निगेटिव मार्किंग का प्रावधान था। परीक्षार्थियों की उपस्थिति करीब 45 प्रतिशत रही। समसामयिक घटनाक्रम से अधिक प्रश्न
अंग्रेजी में पांच पैसेज पूछे गए थे। इसके अलावा एंटोनिम्स, साइनोनिम्स, री-एरेजमेंट आफ सेंटेंस, जंबल्स वर्ड्स, कॉमन इरर आदि से प्रश्न थे। सामान्य अध्ययन में समसामयिक घटनाक्रम से अधिक प्रश्न पूछे गए थे। इसमें ब्रिक्स का अगला शिखर सम्मेलन कहां होगा? अंडमान निकोबार द्वीप में किस विदेशी की हत्या कर दी गई थी? जैसे प्रश्न थे। गणित में ज्यामिति, त्रिकोणमिति, को-आर्डिनेट ज्योमेट्री आदि से प्रश्न थे। हर कमरे में लगा था जैमर
सेंटर पर परीक्षार्थियों को कड़ी जांच के बाद प्रवेश दिया जा रहा था। प्रवेश द्वार पर मेटल डिटेक्टर से जांच हो रही थी तो सभी कमरे में जैमर लगा हुआ था। परीक्षा नौ बजे से शुरू हुई। केंद्र पर 8:50 के बाद प्रवेश नहीं दिया जा रहा था। परीक्षार्थियों को पर्स भी ले जाने की मनाही थी। डीएवी गांधीनगर सेंटर पर विलंब से पहुंचने के कारण कुछ परीक्षार्थियों की प्रथम पाली की परीक्षा छूट गई। लेकिन ऐसे वे दूसरी पाली की परीक्षा में शामिल हुए।