स्वयं सहायता समूह का रुपया ले उड़े उचक्के, दिनदहाड़े थैला काटकर घटना को दिया अंजाम Garhwa News
Jharkhand Latest News. गीता देवी महिला स्वयं सहायता समूह का पैसा जमा करने बैंक गई थी। प्लास्टिक के थैले से 10 का नोट गिरा तो महिला को थैला में रखे पैसे गायब होने का पता चला।
गढ़वा, जासं। गढ़वा शहर के मझिआंव मोड़ के समीप एक स्वयं सहायता समूह की महिलाओं का पांच हजार रुपये अज्ञात उचक्कों ने उड़ा लिया। जानकारी के अनुसार सदर थाना क्षेत्र के करौथा निवासी संतोष उरांव की पत्नी गीता देवी अपने दो अन्य सहयोगियों के साथ अपने गांव करौथा व उड़सुग्गी से समूह का पैसा एक प्लास्टिक के थैले में लेकर गढ़वा के ऊंचरी स्थित एक बैंक में जमा करने जा रही थी।
मझिआंव मोड़ स्थित एक दुकान पर कुछ कागजात का फोटोकॉपी करने के लिए महिलाएं रुकी। इसी दौरान किसी ने प्लास्टिक के थैले को काटकर रुपये निकाल कर फरार हो गया। जब वहां मौजूद कुछ लोगों ने महिला से प्लास्टिक के थैले से 10 का नोट गिरने की बात कही, तब जाकर महिला को थैला में रखे पैसा का गायब होने का पता चला। गीता देवी ने बताया कि बैंक के वाउचर में मोड़ कर 5,215 रुपये रखा हुआ था।
इसके साथ में आई कुशमाहा गांव निवासी रुनिया देवी ने बताया कि मेरे साथ-साथ मेरे पति लालजी उरांव भी गीता देवी के साथ आए थे। गीता देवी को बैंक में पैसा जमा करना था। जबकि मुझे समूह से पैसे निकालना था। हालांकि अभी इस इस घटना की जानकारी गीता द्वारा पुलिस को नहीं दी गई है।