मियां-बीवी राजी तो क्या करेगा काजी... लेकिन यहां पुलिस ने जबरन रोक दी शादी... वजह आप भी जानिए
Garhwa News Jharkhand News झारखंड के गढ़वा से बड़ी खबर है। यहां बालिग होने में एक माह की देर के चलते एक युवती की शादी पुलिस-प्रशासन ने रोक दी। चाइल्डलाइन को टॉल फ्री नंबर पर किसी ने नाबालिग की शादी होने की जानकारी दी थी।
गढ़वा, जेएनएन। Garhwa News, Jharkhand News गढ़वा जिला नाबालिग लड़कियों की शादी के मामले अक्सर सुर्खियों में रहता है। जागरुकता के अभाव में नाबालिगों की शादियां धड़ल्ले से कर दी जाती हैं। शुक्रवार को जिला मुख्यालय से सटे टंडवा के दबगर मोहल्ले में भी एक नाबालिग लड़की शादी की तैयारी चल रही थी। लेकिन प्रशासन की तत्परता से उक्त नाबालिग लड़की की शादी रोकी गई। जानकारी के अनुसार चाइल्डलाइन के टाल फ्री नंबर पर किसी ने टंडवा के दबगर मोहल्ले में नाबालिग लड़की की शादी की तैयारी होने की सूचना दी थी।
तब चाइल्डलाइन की टीम ने जिला प्रशासन को इसकी सूचना दी। इसके पश्चात गढ़वा के प्रखंड विकास पदाधिकारी कुमुद कुमार झा ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की। इस दौरान लड़की के परिवार वालों ने शैक्षणिक प्रमाण पत्र प्रस्तुत किया। मैट्रिक का एडमिट कार्ड में अंकित जन्म तिथि के अनुसार लड़की 18 वर्ष उम्र पूरा होने में करीब एक माह कम था। जून 2021 में उसकी उम्र 18 वर्ष पूरी हो जाएगी।
इस संबंध में बीडीओ कुमुद कुमार झा ने बताया कि लड़की के परिवार वालों को समझा दिया गया है। साथ ही चेतावनी भी दी गई है कि नाबालिग की शादी करना कानूनी रूप से जुर्म है। नाबालिग की शादी करने पर प्रशासन कड़ी कार्रवाई करेगा। उन्होंने कहा कि लड़की की उम्र 18 वर्ष पूरा होने के बाद ही शादी करें। माैके पर सीओ मयंक भूषण व महिला पुलिस पदाधिकारी समेत कई अन्य लोग उपस्थित थे।