Garhwa Corona Update: गढ़वा में आज 35 पॉजिटिव, कोरोना से पहली मौत, आंगनबाड़ी सेविका ने गंवाई जान
Garhwa Jharkhand Coronavirus News Update मुृतका के परिवार में चार लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। संक्रमितों में मृतका का 42 वर्षीय पुत्र 40 वर्षीया पुत्री 25 वर्षीया नतनी शामिल है।
गढ़वा, जेएनएन। Garhwa Coronavirus News Update गढ़वा जिले में सोमवार को 35 कोरोना संक्रमितों की पहचान की गई है। जिले में आज पहली बार कोरोना संक्रमित की मौत का मामला सामने आया है। इससे लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। 54 वर्षीया मृतका रंका अनुमंडल मुख्यालय के मेन रोड की रहने वाली थी। जानकारी के अनुसार उक्त आंगनबाड़ी सेविका की मौत सोमवार की सुबह में हुई थी। उसका घर रेड जोन में है। इस कारण एहतियात के तौर पर अनुमंडल प्रशासन ने मृतका का कोरोना जांच कराया।एंटीजन किट पर कराए गए जांच के बाद मृतका का रिपोर्ट पॉजिटिव पायागया।
इसके पश्चात मृतका के परिवार के सदस्यों का भी कोविड जांच कराया गया। उनमें चार लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। संक्रमितों में मृतका का 42 वर्षीय पुत्र, 40 वर्षीया पुत्री, 25 वर्षीया नतनी तथा उनके गोतिया का एक 32 वर्षीय युवक शामिल है। जानकारी के अनुसार मृतका करीब डेढ़ वर्षों से सांस संबंधी बीमारी से पीड़ित थी। उसके परिजन घर में रखकर निजी चिकित्सक से उसका इलाज करा रहे थे।
हालांकि स्वास्थ्य विभाग उसकी मौत को कोरोना संक्रमण से मौत का मामला मानने से इंकार कर रहा है। सिविल सर्जन डॉ एनके रजक ने कहा कि यदि उक्त महिला का कोरोना जांच जीवित अवस्था में कराए जाने के बाद रिजल्ट पॉजिटिव पाया जाता और उसे कोविड अस्पताल में भर्ती कराकर इलाज चल रहा होता तो उसे कोरोना से हुई मौत माना जा सकता था।
उन्होंने कहा कि उक्त महिला को पहले से ही सांस संबंधी बीमारी थी। इस कारण इसे सीधे तौर पर कोरोना संक्रमण से हुई मौत नहीं माना जा सकता। महिला की मौत का द्वितीयक कारण कोरोना को माना जा सकता है। प्राथमिक कारण तो उसकी सांस संबंधी बीमारी को ही माना जाएगा। इधर, पॉजिटिव पाए जाने के बाद महिला के शव को सैनेटाइज करने के बाद सुरक्षित तरीके से अंतिम संस्कार के लिए भेजा गया। मृतका के संक्रमित पाए गए पुत्र ने ही मुखाग्नि दी।