रांची में बड़ी घटना को अंजाम देने पहुंचे 6 अपराधी, 4 धराए-लोगों ने जमकर पीटा
Jharkhand. छह लोडेड पिस्टल और एक्स्ट्रा 7 मैगजीन के साथ बाइक से 6 अपराधी खेलगांव मोड़ के समीप पहुंचे थे। इनमें से एक सोनू इमरोज का छोटा भाई मोनू इमरोज शामिल है।
रांची, जासं। राजधानी रांची में दुर्गा पूजा उत्सव के बीच अपराधी अपने दुस्साहस से बाज नहीं आ रहे हैं। शुक्रवार दोपहर में खेलगांव मोड़ के समीप छह अपराधी हथियार के साथ पहुंचे। इनमें से एक साथियों के साथ अपने भाई के कातिल को मारने आया था। इसी बीच स्थानीय लोगों की नजर उन पर पड़ी और चार अपराधियों को दबोच लिया। हालांकि दो अपराधी भागने में सफल रहे।
पकड़ में आए चार अपराधियों को स्थानीय लोगों ने जमकर पीटा। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझाया। सदर डीएसपी भी घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने एक बाइक भी पकड़कर पुलिस को सौंपा। इससे पहले लोगों ने बाइक को ईंट-पत्थर से उसे तोड़ दिया। पुलिस अपराधियों को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई। उनके पास से छह लोडेड पिस्टल और एक्स्ट्रा 7 मैगजीन बरामद किया गया है।
इस मामले का तार सोनू इमरोज हत्याकांड से जुड़ा है। पकड़े गए अपराधी में से एक सोनू इमरोज का छोटा भाई मोनू इमरोज शामिल है। उसने पुलिस को बयान दिया कि वह अपने भाई के कातिल कारू को मारने पहुंचा था। बता दें कि सोनू इमरोज हत्याकांड मामले में आरोपी कारू को जेल भेजा गया था। वह आज जेल से रिहा हुआ है।