CM हेमंत सोरेन को चैंपियन ऑफ चेंज अवार्ड, पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने दिया सम्मान
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के हाथों अवार्ड लेना सम्मान की बात है। चैंपियन ऑफ चेंज अवार्ड मुझे नहीं बल्कि राज्य की जनता को मिल रहा है।
रांची, राज्य ब्यूरो। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को सोमवार को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में चैंपियन ऑफ चेंज अवार्ड-2019 से नवाजा गया। पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने हेमंत सोरेन समेत देश की कई नामचीन हस्तियों को इस अवार्ड से सम्मानित किया। सिंहभूम की सांसद गीता कोड़ा को भी इस सम्मान से सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को झारखंड के बरहेट और दुमका विधानसभा क्षेत्र में एक जनप्रतिनिधि के रूप बेहतर और अनुकरणीय कार्य करने के लिए चैंपियन ऑफ चेंज अवार्ड - 2019 से सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने अवॉर्ड को राज्य की जनता और गुरुजी शिबू सोरेन को समर्पित किया है। उन्होंने कहा कि जिस लक्ष्य के लिए राज्य की जनता ने मुझे चुना है। मैं उस लक्ष्य को साधने का भरपूर प्रयास करूंगा। इस अवार्ड से सम्मानित होने वालों में फिल्म अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी, सुरेश ओबेराय, दिल्ली सरकार के मंत्री मनीष सिसोदिया, सांसद अनुराग ठाकुर समेत 36 लोग शामिल हैं।
इससे पूर्व रविवार को दिल्ली के लिए रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत में कहा कि झारखंड की सवा तीन करोड़ जनता ने जो सम्मान दिया है, उसकी आवाज दूर तक जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के हाथों अवार्ड लेना सम्मान की बात है। चैंपियन ऑफ चेंज अवार्ड मुझे नहीं, बल्कि राज्य की जनता को मिल रहा है। यह पुरस्कार मेरे लिए नहीं, राज्य के लोगों के लिए है। बता दें कि मुख्यमंत्री को बरहेट और दुमका विधानसभा क्षेत्र में एक जनप्रतिनिधि के रूप में अनुकरणीय कार्य करने के लिए चैंपियन ऑफ चेंज अवार्ड-2019 से सम्मानित किया गया है।
यह सुनने वाली सरकार, सबको साथ लेकर चलेंगे
मुख्यमंत्री ने रविवार को भी अपने आवास पर विभिन्न जिलों से आए लोगों की समस्याओं को सुना और निदान का भरोसा दिलाया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि यह सुनने वाली सरकार है। सबकी सुनेगी और सबको साथ लेकर चलेगी। पांच साल में जो दुर्दशा राज्य की हुई है, उसे भी ठीक करना है। यह जिम्मेदारी हम पर है। लोगों से मिल रहा हूं और उनकी समस्याओं का समाधान करने में जुटा हूं। मैं केवल काम करता हूं। लोगों की समस्याओं का समाधान हो, यही मेरी प्राथमिकता है।