पशु तस्करों से पीसीआर वैन ने की वसूली, वीडियो वायरल होने पर पांच पुलिसकर्मी सस्पेंड
रांची के रातू रोड चौराहे के पास पशु तस्करों से पैसे वसूली के मामले में पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।
जागरण संवाददाता, रांची : रांची के रातू रोड चौराहे के पास पशु तस्करों से पैसे वसूली की जाती थी। इसका वीडियो वायरल होने के बाद एसएसपी ने बड़ी कार्रवाई की है। पीसीआर 28 के सभी पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है। इनमें सहायक अवर निरीक्षक शिव चरण मुर्मू, आरक्षी लक्ष्मी नारायण बड़ाइक, आरक्षी सुनील पहाड़िया, आरक्षी लोको पहाड़िया और चालक भुवनेश्वर पासवान शामिल हैं। जानकारी के अनुसार रविवार की देर रात पीसीआर वैन 28 गश्त कर रही थी। चेकिग के दौरान एक वाहन को रोका गया। इसमें कई मवेशी भरे हुए थे। पीसीआर में मौजूद सहायक अवर निरीक्षक शिवचरण मुर्मू और उनके साथ दूसरे जवानों ने पैसे लेकर पशु तस्करों को वहां से जाने दिया। पीसीआर 28 की इस करतूत को एक जिम्मेदार नागरिक ने अपने मोबाइल से रिकॉर्ड कर लिया और उसे रांची के एसएसपी के पास भेज दिया। इससे संबंधित जांच रिपोर्ट डीएसपी से मांगी गई थी। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की गई। सोमवार को रांची के एसएसपी ने दोषी पाए गए पांचों पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया।
सांसद संजय सेठ ने किया बड़ा तालाब का निरीक्षण
जागरण संवाददाता, रांची : सांसद संजय सेठ ने सोमवार को बड़ा तालाब के दक्षिण घाट पर स्थित 170 साल पुराने ऐतिहासिक घाट का निरीक्षण किया। इस घाट का निर्माण सहदेव परिवार की ओर से कराया गया था। वर्षों पुराना कर्मकांड घाट की स्थिति बहुत ही दयनीय थी। इस क्षेत्र के आसपास के लोग मृत्यु के पश्चात इसी घाट पर कर्मकांड हेतु आते हैं। घाट पर निर्मित भवन जर्जर होने की वजह से काफी दिक्कत होती है। रांची नगर निगम द्वारा इसका जीर्णोद्धार किया जा रहा है। नगर आयुक्त को इस पहल के लिए सांसद ने बधाई दी। सांसद सेठ ने रांची नगर निगम आयुक्त से बात कर वहां टीओपी स्थापित करने की बात कही, ताकि उक्त क्षेत्र व वहां के नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।