कुख्यात डॉन डब्लू सिंह पर घोषित होगा पांच लाख का इनाम, 50 से अधिक मामले हैं दर्ज
Jharkhand Crime News Dablu Singh Palamu News पलामू एसपी चंदन कुमार सिन्हा ने बताया कि डब्लू सिंह की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। अब पुलिस मुख्यालय को पांच लाख इनाम का प्रस्ताव भेजा गया है।
मेदिनीनगर (पलामू), जासं। पलामू पुलिस ने कुख्यात अपराधी डब्लू सिंह के विरुद्ध पांच लाख रुपये का इनाम रखने का प्रस्ताव पुलिस मुख्यालय को भेजा है। बता दें कि गौतम कुमार सिंह उर्फ डब्लू सिंह के विरुद्ध जिले के विभिन्न थानों में हत्या, अपहरण, रंगदारी सहित 50 के करीब आपराधिक मामले दर्ज हैं। पलामू पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए काफी दिनों से प्रयास कर रही है। पलामू एसपी चंदन कुमार सिन्हा ने बताया कि डब्लू सिंह की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।
पिछले माह उसके अहम सहयोगी राजू तिर्की को बनारस व शक्ति सिंह को ओडिशा के पुरी से गिरफ्तार किया गया था। अब पुलिस मुख्यालय को पांच लाख इनाम का प्रस्ताव भेजा गया है। उन्होंने आम लोगों से गिरफ्तारी में सहयोग करने की अपील भी की है। पलामू में किसी भी अपराधी के खिलाफ घोषित यह सबसे बड़ी राशि है।