पलामू में कोरोना मरीज की मौत के बाद जमकर हंगामा, डॉक्टर को पीटा-कपड़े फाड़े
Jharkhand Hindi Samachar Palamu News COVID Update पलामू के एमआरएमसीएच के जीएनएम काॅलेज कोविड वार्ड की घटना है। पिटाई के बाद तीन घंटे तक स्वास्थ्य कर्मचारी हड़ताल पर रहे। पलामू के डीडीसी के आश्वासन के बाद हड़ताल समाप्त हुआ।
पलामू, जासं। Jharkhand Hindi Samachar, Palamu News, COVID Update पलामू प्रमंडल मुख्यालय मेदिनीनगर स्थित मेदिनी राय मेडिकल काॅलेज अस्पताल के जीएनएम काॅलेज स्थित कोविड वार्ड में गुरुवार को कोरोना संक्रमित की मौत के बाद स्वजनों ने जमकर हंगामा किया। ड्यूटी कर रही सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी सीएचओ रेखा तिर्की की पिटाई कर दी। घटना के बाद चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मचारियों ने हंगामा शुरू कर दिया। सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी कश्मीर एक्का, शांतनु, अशोक मीना, अभिनव कुमार, पिंटू कुमार, स्नेही खलखो आदि जेलहाता स्थित सिविल सर्जन कार्यालय परिसर में धरना पर बैठ गए।
चिकित्सक के कपड़े भी फाड़ने के आरोप लगाए गए। बाद में पलामू के डीडीसी शेखर जमुआर, एसडीओ राजेश कुमार साह, प्रभारी सिविल सर्जन डाॅ. अनिल कुमार श्रीवास्तव, प्रभारी अधीक्षक डाॅ. डीके झा, शहर थाना प्रभारी अरुण कुमार महथा व डाॅ. आरके रंजन आदि पहुंचे। हड़ताल पर बैठे लोगों को कोरोना संक्रमितों के लिए बनाए गए कोविड वार्ड में सुरक्षा कर्मियों की तैनाती बढ़ाने और दोषी लोगों पर एफआइआर दर्ज करने का आश्वासन दिया। इसके बाद हड़ताल खत्म कराई गई।
जानकारी के अनुसार शहर थाना क्षेत्र के बैरिया की एक कोरोना संक्रमित महिला को कोविड वार्ड के कमरा नंबर दो में भर्ती किया गया था। इलाज के क्रम में गुरुवार की सुबह उसकी मौत हो गई। मौत के बाद स्वजन काफी उग्र हो गए। ड्यूटी पर तैनात सीएचओ रेखा तिर्की की पिटाई कर दी। डीडीसी शेखर जमुआर ने कहा कि कोरोना महामारी के समय चिकित्सक व चिकित्सा कर्मी लगातार मरीजों का इलाज कर रहे हैं। इस स्थिति को समझने की जरूरत है।
ऐसे में उनके साथ मारपीट व दुर्व्यवहार करना कहीं से भी न्याय संगत नहीं है। कहा कि अब कोरोना संक्रमित मरीज के साथ एक ही अटेंडेंट को रखा जाएगा। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मारपीट करने वालों के साथ चार-पांच लोग थे। सीएचओ की पिटाई के बाद गालियां देते हुए सभी बाहर चले गए थे। बताया गया कि सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी मूकदर्शक बनकर देख रहे थे।
'बैरिया की एक कोरोना संक्रमित महिला को इलाज के लिए एमआरएमसीएच के कोविड वार्ड में भर्ती कराया गया था। शुरू से ही महिला की स्थिति नाजुक थी। इलाज के दौरान गुरुवार की सुबह उसकी मौत हो गई। इलाज के दौरान थोड़ा समन्वय का अभाव नजर आया। अब सब कुछ सामान्य कर दिया गया है। चिकित्सा कर्मियों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया है।' -शेखर जमुआर, डीडीसी, पलामू।
'अस्पताल में स्वास्थ्य कर्मचारी की पिटाई से संबंधित मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले में छानबीन कर रही है।' -अरूण कुमार महथा, शहर थाना प्रभारी, मेदिनीनगर, पलामू।