फर्जी इनकम टैक्स अधिकारी बन लाखों की ठगी करने वाला धराया
रांची में लेक रोड से बीते दिन इनकम टैक्स अधिकारी बनकर जमशेदपुर के दर्जनों लोगों को लाखों का चूना लगाने वाले एक आरोपित एसके बागची को गिरफ्तार किया गया है।
रांची, जासं। इनकम टैक्स अधिकारी बनकर जमशेदपुर के दर्जनों लोगों को लाखों का चूना लगाने वाले नटवरलाल एसके बागची को पुलिस ने दबोच लिया है। उसकी गिरफ्तारी राची के लेक रोड से हुई है। गिरफ्तार फर्जी इनकम टैक्स अधिकारी के पास से एक सर्टिफिकेट मिला है। सर्टिफिकेट के लिए इनकम टैक्स के फर्जी लेटर पैड का इस्तेमाल किया गया है।
इस पर लिखा है कि एसके बागची क्लास वन आफिसर हैं जो बेंगलुरु से ट्रांसफर होकर आए हैं। नौकरी के नाम पर कर चुका है लाखों की ठगी कोतवाली थाना प्रभारी श्यामानंद मंडल के अनुसार जमशेदपुर में एसके बागची ने दर्जनों लोगों को नौकरी लगाने का झासा देकर लाखों की ठगी की है। बागची के खिलाफ जमशेदपुर के सीतराम डेरा थाने में ठगी का मामला दर्ज है।
वह कभी इनकम टैक्स, तो कभी दूसरे विभाग का अधिकारी बनकर अक्सर ठगी किया करता था। होटल क्रिस्टल का एक लाख का बिल बकाया जमशेदपुर के होटल क्रिस्टल में एसके बागची इनकम टैक्स अधिकारी के रूप में परिचय देकर एक महीने तक रुका था। इस दौरान एक लाख रुपये के बिल का भुगतान भी उसने नहीं किया था। होटल वाले भी बागची की तलाश में लगे थे।
बागची के राची में होने की सूचना जमशेदपुर पुलिस को होटल संचालक ने ही दी थी। इसके बाद उसे कोतवाली थाने की मदद से धर दबोचा। जमशेदपुर पुलिस उसे अपने साथ ले गई। पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। आरोपित के पूरे बैकग्राउंड को खंगाला जा रहा है। पूरी सख्ती से मामले की छानबीन की जा रही है। जमशेदपुर में एसके बागची ने किन-किन लोगों को चूना लगाया है उसकी जांच की जाएगी।