New Motor Vehicle Act 2019: नए कानून की मुखालफत में सड़क पर उतरी कांग्रेस, बाबूलाल ने जताया विरोध
बुधवार को नई यातायात नियमावली के खिलाफ कांग्रेस ने राज्यव्यापी प्रदर्शन किया। बाबूलाल मरांडी ने रांची में साइकिल चलाकर झाविमो के राज्यव्यापी विरोध की अगुवाई की।
रांची, राज्य ब्यूरो। मोटर वेहिकल एक्ट 2019 में तय किए गए भारी-भरकम जुर्माने के विरोध में झारखंड विकास मोर्चा ने भी मोर्चा खोल दिया है। रांची में बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री और जेवीएम सुप्रीमो बाबू लाल मरांडी इसके विरोध में रिक्शे पर नजर आए। मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका से अलबर्ट एक्का चौक का सफर उन्होंने रिक्शे पर बैठकर तय किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने रघुवर दास और भाजपा सरकार के खिलाफ नारे लगाए और संशोधित अधिनियम वापस लेने की मांग की।
बाबूलाल मरांडी ने गुजरात का हवाला देते हुए कहा कि वहां की सरकार ने लोगों की समस्या को समझते हुए जुर्माना कम करने का निर्णय लिया है। लेकिन झारखंड सरकार को लोगों की कोई चिंता नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार को नया नियम वापस लेना चाहिए। ऑटो वाले और गरीब लोगों को फाइन देना पड़ रहा है जिसका सीधा असर उनके जीवनयापन पर पड़ रहा है।
कांग्रेस ने सीएम का पुतला फूंका
विरोध के स्वर कांग्रेस के खेमे से भी आए हैं। बुधवार शाम में रांची विवि के मुख्य द्वार से अलबर्ट एक्का चौक तक कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने आक्रोश मार्च निकाला। हाथों में बैनर, पोस्टर लिए सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लोगों ने प्रदर्शन किया। इसके बाद अलबर्ट एक्का चौक पर मुख्यमंत्री रघुवर दास का पुतला दहन किया। एक स्वर में सभी ने नए नियम को वापस लेने की मांग की।
महेश पोद्दार ने ट्वीट कर लोगों के लिए मांगा समय
भाजपा नेता और राज्य सभा सदस्य महेश पोद्दार का ट्वीट एक बार फिर से चर्चा में है। बुधवार शाम को उन्होंने ट्वीट कर सरकार से लोगों के लिए थोड़े समय की मोहल्लत मांगी है। उन्होंने सरकार से आग्रह करते और सुझाव देते हुए लिखा है कि पीयूसी, लाइसेंस और इंश्योरेंस के लिए लोगों को थोड़ा वक्त दिया जाना चाहिए। इसके साथ ही छोटी-मोटी भूल के लिए जुर्माने की रकम घटाने की भी मांग की है।
एक दूसरे ट्वीट में उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा राज्यों को दिए गए छूट का जिक्र किया है। जिसके तहत राज्य सरकार को नया ट्रैफिक नियम बनाने अथवा जुर्माना दर घटाने का अधिकार है। दोनों ट्वीट में उन्होंने हैशटैग ट्रैफिकरूल्स के साथ सीएमओ झारखंड, सीपी सिंह, मुख्य सचिव डीके तिवारी और जेसीएस रोड को टैग किया है। बुधवार को महेश पोद्दार ने ट्रैफिक से जुड़े तीन ट्वीट किए हैं।