घर में घुसकर महिला से चेन की छिनतई
थाना क्षेत्र में अब चेन छिनतई की घटनाएं काफी बढ़ गई हैं।
संसू, रातू : थाना क्षेत्र में अब चेन छिनतई की घटनाएं काफी बढ़ गई हैं। एक माह के अंदर उचक्कों ने आठ लोगों को अपना शिकार बनाया है। अब तो चेन स्नैचिंग गिरोह की हिम्मत को दाद देनी होगी। पहले राह चलते लोगों के गले से झपट्टा मारकर चेन छिन फरार हो जाते थे। शुक्रवार को तो उन्होंने घर में घुसकर एक वृद्ध महिला के गले से चेन छिन भागने में सफल रहे। इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार सुबह 10 बजे के करीब चेन छिनतई गिरोह के दो सदस्य एतवार बाजार स्थित उर्मिला देवी के घर आए और दरवाजा धक्का देकर खोला। गेट खोलने की आवाज सुन उर्मिला देवी 65वर्ष जैसे ही बाहर निकलीं। उन्होंने घर में घुसे लोगों से पूछा कौन है। उचक्कों ने बताया कि हम बर्तन साफ करने वाले लोग हैं। उन्होंने मना करते हुए उन्हे घर से बाहर निकलने को कहा। इसी बीच उनमें से एक युवक ने झपट्टा मारते हुए उर्मिला देवी के गले से सोने का चेन छिन लिया और तेजी से बाहर निकल गए। इस दौरान उर्मिला देवी हल्ला करने लगी तो घर में खाना बना रही बहु बाहर निकली। चेन छिनने की जानकारी मिलते ही बहु संध्या पाठक पति सच्चिदानंद पाठक भी हल्ला करने लगी। लेकिन आसपास के लोग बाहर भी नही निकले। इसका फायदा उठाते हुए दोनों चोर अपनी बाईक से भागने में सफल रहे। उर्मिला देवी ने बताया कि दोनों युवक 20-25 वर्ष से ज्यादा के नहीं थे।उनमें से एक का बाल लंबा था। इस संबंध में संध्या देवी ने रातू थाना में लिखित सूचना दी है। पुलिस मामले की जाच कर रही है।