मतदाता सूची पुनरीक्षण में लगे पदाधिकारियों के तबादले पर चुनाव आयोग की रोक
Jharkhand. मंत्रिमंडल निर्वाचन विभाग ने 12 अक्टूबर को मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन तक तबादले पर रोक लगा दी है। तबादले से पूर्व विभाग की अनुमति लेनी होगी।
रांची, राज्य ब्यूरो। मंत्रिमंडल निर्वाचन विभाग ने मतदाता सूची पुनरीक्षण में संलग्न सभी पदाधिकारियों व कर्मियों के तबादले पर 12 अक्टूबर तक के लिए रोक लगा दी है। यह रोक दो सितंबर से शुरू हुए मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम के मद्देनजर लगाई गई है। मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम में संलग्न सभी पदाधिकारियों व कर्मियों के तबादले से पहले मंत्रिमंडल निर्वाचन विभाग से अनुमति लेनी होगी।
जिन पदाधिकारियों व कर्मियों के तबादले पर रोक लगाई गई है उनमें निर्वाची पदाधिकारी, सहायक निर्वाची पदाधिकारी व अन्य पदाधिकारी, बीएलओ का काम कर रहे शिक्षक व अन्य कर्मी प्रमुख हैं। बता दें कि विधानसभा चुनाव को लेकर मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया दो सितंबर से शुरू हुई है। इसके तहत दो सितंबर को वर्तमान मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया है।
इस पर 17 सितंबर तक आपत्तियां मांगी गई हैं। मतदाता सूची में नाम शामिल कराने या मतदाता सूची में सुधार को लेकर 8 एवं 15 सितंबर को सभी बूथों पर विशेष अभियान चलाया जाएगा। 27 सितंबर तक सभी आपत्तियों का निराकरण किया जाएगा। 12 अक्टूबर को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।