दुती ने स्वर्ण के साथ किया सत्र का समापन
रांची फर्राटा धाविका दुती चंद ने रविवार को समाप्त हुई 59वीं सीनियर राष्ट्रीय ओपन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में यहा 200 मीटर की दौड़ में स्वर्ण पदक के साथ सत्र का समापन किया।
जागरण संवाददाता, रांची : फर्राटा धाविका दुती चंद ने रविवार को समाप्त हुई 59वीं सीनियर राष्ट्रीय ओपन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में यहा 200 मीटर की दौड़ में स्वर्ण पदक के साथ सत्र का समापन किया। मौजूदा चैंपियनशिप में 100 मीटर दौड़ में नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाने वाली दुति ने 200 मीटर में 23.17 सेकेंड का समय लिया जो इस साल किसी भी भारतीय का सर्वश्रेष्ठ समय है। उन्होंने दूसरे स्थान पर रही अर्चना सुशींद्रन (23.41 सेकेंड) को पीछे छोड़ा। ओडिशा की इस खिलाड़ी को महिलाओं में सर्वश्रेष्ठ एथलीट घोषित किया गया, जबकि शनिवार को अपना राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ने वाले गोला फेंक एथलीट तेजिंदर पाल सिंह तूर को सर्वश्रेष्ठ पुरुष एथलीट चुना गया। पुरुष त्रिकूद में करीबी मुकाबला देखने को मिला जहा एशियन गेम्स के स्वर्ण पदक विजेता अरपिंदर सिंह की गैरमौजूदगी में छह प्रतिभागियों ने 16 मीटर से अधिक दूरी तय की। कार्तिक उन्निकृष्ण 16.78 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ शीर्ष पर रहे।
महिलाओं की 3000 मीटर बाधा दौड़ में चिंता यादव ने रेलवे की अपनी टीम की खिलाड़ी पारुल चौधरी को पछाड़ कर उलटफेर किया। चिंता ने 10 मिनट 11.70 सेकेंड का समय लिया। रेलवे की पीयू चित्रा टूर्नामेंट में दोहरा स्वर्ण पदक जीतने वाले दूसरी खिलाड़ी रहीं। 800 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीतने वाली रेलवे की इस खिलाड़ी ने 1500 मीटर में दो मिनट 04.59 सेकेंड के समय के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। रेलवे 264.5 अंक के साथ ओवरऑल चैंपियन रहा, जबकि सर्विसेज (174 अंक) दूसरे और हरियाणा (88.5 अंक) तीसरे स्थान पर रहे। महिला हैमर थ्रो में दिल्ली की रेखा सिंह ने 56.38 मीटर की दूरी नाप कर सोना अपने नाम किया। पंजाब के अर्शदीप सिंह ने 77.37 मीटर भाला फेंक कर सोना जीता। पुरुष 200 मीटर दौड़ में दिल्ली के अभिनव पंवार 21.37 सेकेंड के साथ स्वर्ण हासिल किया। चार गुणा चार सौ मीटर रिले दौड़ में हरियाणा की पुरुष व महिला टीम ने स्वर्ण पर कब्जा जमाया।