Durga Puja 2019: खुलने लगे पंडालों के पट, मां दुर्गा के दर्शन को उमड़ रही भीड़; देखें खास तस्वीरें
Durga Puja 2019. लोग पूजा पंडालों की भव्यता को देखकर आनंदित हो रहे हैं। दिन क्या रात में भी लोगों का हुजूम पंडालों की ओर खिंचा चला आ रहा है।
रांची, जासं। रांची में नवरात्र को लेकर हर ओर भक्ति का माहौल है। शहर में बने एक से बढ़कर एक पंडालों मां दुर्गा भक्तों को दर्शन दे रही हैं। कल गुरुवार को पंचमी के दिन कई पंडालों का उद्घाटन हुआ। आज शुक्रवार को भी कई पंडालों का उद्घाटन होना है। लोग पूजा पंडालों की भव्यता को देखकर आनंदित हो रहे हैं। दिन क्या रात में भी लोगों का हुजूम पंडालों की ओर खिंचा चला आ रहा है।
आज शुक्रवार को फिरायालाल चौक स्थित श्री श्री दुर्गा बाड़ी कल्पारंभ किया गया। इसके अलावा रांची रेलवे स्टेशन स्थित पूजा पंडाल, आरआर स्पोर्टिंग क्लब पूजा पंडाल, गीतांजली क्लब पूजा पंडाल, कोकर दुर्गा पूजा कमेटी पूजा पंडाल का उद्घाटन किया जाएगा। श्री श्री दुर्गा बाड़ी में सुबह आठ बजे ही मां षष्ठी की पूजा आरंभ हो गई है। संध्या आरती के बाद मां का बोधन एवं अधिवास होगा। शहर के सभी पूूजा पंडालों में बेलवरण अनुष्ठान शाम पांच बजे किया जाएगा। महाशक्ति दुर्गा पूजा समिति शिवाजी चौक बूटी मोड़ के पंडाल का उदघाट्न आज शाम हाेगा।
इससे पहले गुरुवार को पंचमी के दिन भी कई पूजा पंडालों का उद्घाटन किया गया। यहां माता के दर्शन को श्रद्धालु उमड़ पड़े। देर रात तक पंडालों में भक्तिमय माहौल रहा। भारतीय नवयुवक संघ, बकरी बाजार, ओसीसी क्लब, बंगला स्कूली, राजस्थान मित्र मंडली, सेवा सदन आदि पूजा पंडालों का उद्घाटन किया गया।