शराब के नशे में अधेड़ ने सांप के तीन टुकड़े किए, सर्पदंश से मौत Palamu News
Palamu News Jharkhand Samachar पलामू में एक व्यक्ति शराब के नशे में सांप को पकड़ने गया। इस दौरान सांप ने उसे काट लिया। सांप के काटने के बाद भी उसने सांप को पकड़ना जारी रखा और हाथ से ही उसके तीन टुकड़े कर दिए।
चैनपुर (पलामू), जासं। Palamu News, Jharkhand Samachar कहते हैं न कि नशा जब सिर चढ़कर बोलता है तब नशे मे धुत्त व्यक्ति को कुछ सुध बुध नहीं रहती। ऐसे समय में उसकी ओर से किए गए कार्य कभी-कभी जानलेवा साबित होते हैं। होली के दिन कुछ ऐसा ही घटित हुआ रामगढ़ प्रखंड के भीतर बांध टोला निवासी 50 वर्षीय पच्चू भुईहर के साथ। नशे में धुत पच्चू ने विषैले सर्प से ही पंगा ले लिया। उसे सांप पकड़ने की सूझी। कई लोगों के मना करने के बावजूद भी वह सांप पकड़ने की जिद ठान ली।
पकड़ने के क्रम में सांप ने उसे डंस लिया। इतने पर भी पच्चू ने हार नहीं मानी। उसने सांप पकड़कर ही दम लिया। सांप पकड़ने के बाद उसने हाथ से ही उसके तीन टुकड़े कर दिए। इधर सर्पदंश के बाद विष ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया। स्वजनों ने भी झाड़ फूंक के चक्कर में इलाज नहीं कराया। सोमवार की शाम तक उसकी मौत हो गई। मंगलवार की सुबह उसका अंतिम संस्कार किया गया।