इरफान अंसारी बोले- भाजपा ने ब्राह्मण को धोखा दिया, राज पलिवार जैसे चमकते सितारे को बुझा दिया
Jharkhand Political Updates Irfan Ansari मधुपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर इरफान अंसारी ने भाजपा को निशाने पर लेते हुए कहा कि बीजेपी ने ब्राह्मण को जड़ से ही उखाड़ कर फेंक दिया। एक भी ब्राह्मण भाजपा को वोट नहीं करेगा।
रांची, जेएनएन। Jharkhand Political Updates, Irfan Ansari मधुपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर झारखंड की राजनीति गरमा गई है। विभिन्न राजनीतिक पार्टियां एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रही हैं। इसी क्रम में आज जामताड़ा के विधायक डॉ. इरफान अंसारी ने मधुपुर विधानसभा उपचुनाव में राज पलिवार को टिकट नहीं देने पर भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि भाजपा ने ब्राह्मण समाज के साथ धोखा दिया है। राज पलिवार, जो चमकता हुआ सितारा था, उसे बुझा दिया।
कांग्रेस विधायक ने सवाल उठाते हुए कहा है कि क्या ब्राह्मण समाज भाजपा को वोट करेंगे ? इरफान अंसारी ने एक न्यूज पोर्टल से बात करते हुए कहा कि रणधीर सिंह को सपना देखना छोड़ देना चाहिए। उन्हें ग्राउंड पर आना चाहिए। कहा कि मधुपुर विधानसभा उपचुनाव में दलित समुदाय हफीजुल हसन अंसारी को वोट करेगा। इरफान अंसारी ने भाजपा को निशाने पर लेते हुए कहा कि बीजेपी ने ब्राह्मण को जड़ से ही उखाड़ कर फेंक दिया।
एक भी ब्राह्मण भाजपा को वोट नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि ये बाबानगरी है। मैं बाबा की कसम खाकर कहता हूं कि अगर एक भी ब्राह्मण वोट किया तो ब्राह्मण का नामोनिशान मिट जाएगा। इरफान अंसारी ने कहा कि ब्राह्मण को आपने कुचल दिया। राज पलिवार भाजपा का ब्राह्मण नेता था, मंत्री था। जिसने गद्दारी किया, आपने उसे टिकट दे दिया। इरफान अंसारी ने कहा कि ब्राह्मण मेरे साथ है। इरफान से ब्राह्मण है।
कहा कि हमने बादल (बादल पत्रलेख, कृषि मंत्री, झारखंड) जैसे नेता को पैदा किया। देखिए, आज बादल कहां है। दो भाई थे हमलोग। आज बादल मंत्री है। दिल बड़ा होना चाहिए। भाजपा के पास दिल नहीं है। बता दें कि मधुपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा ने गंगा नारायण सिंह को टिकट दिया है। राज पलिवार मधुपुर से दो बार विधायक रह चुके हैं। राज पलिवार का टिकट काटकर भाजपा ने आजसू से भाजपा में शामिल हुए गंगा नारायण को टिकट दिया है। पलिवार की राज्य की भाजपा सरकार में मंत्री रह चुके हैं। पिछले वर्ष हेमंत सरकार के मंत्री हाजी हुसैन अंसारी के निधन के कारण यहां उपचुनाव हो रहा है।