Indian Railway: रांची से लखनऊ के बीच ट्रेन परिचालन को लेकर मंडल ने मुख्यालय को भेजा प्रस्ताव
Indian Railway रांची रेल मंडल ने यात्रियों की सुविधा को देखते हुए रांची से लखनऊ के बीच ट्रेन परिचालन को लेकर एक प्रस्ताव मुख्यालय को भेजा है। यात्री और व्यापारियों की मांग को देखते हुए रेलवे ने बनारस होते हुए लखनऊ ट्रेन परिचालन को लेकर प्रस्ताव को आगे बढ़ाया है।
रांची, जासं। रांची रेल मंडल ने यात्रियों की सुविधा को देखते हुए रांची से लखनऊ के बीच ट्रेन परिचालन को लेकर एक प्रस्ताव मुख्यालय को भेजा है। यात्री और व्यापारियों की मांग को देखते हुए रेलवे ने बनारस होते हुए लखनऊ ट्रेन परिचालन को लेकर प्रस्ताव को आगे बढ़ाया है। दरअसल रांची और लखनऊ के बीच कोई भी सीधी ट्रेन का परिचालन नहीं हो रहा है। मुरी जंक्शन से लखनऊ के बीच भले ही एक ट्रेन का परिचालन हो रहा है। दूसरी तरफ लखनऊ जाने के लिए यात्री को कानपुर स्टेशन पर उतरना पड़ता है, जिसके बाद उन्हें लखनऊ के लिए या तो उस ट्रेन को बदलनी पड़ती है या फिर सड़क मार्ग से जाना पड़ता है। इससे यात्रियों को काफी परेशानी होती है।
इस ट्रेन को लोहरदगा टोरी होते हुए ट्रेन चलाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है ताकि दोनों सेक्शन के यात्रियों को इसकी सुविधा मिल सके। कुछ वर्ष पहले रांची से लखनऊ के बीच ट्रेन का परिचालन किया गया था, मगर वह भी 2 से 3 महीने के लिए। बाद में ट्रेन का परिचालन बंद कर दिया गया। मगर एक बार फिर से लखनऊ तक ट्रेन में चलाने को लेकर यात्रियों की मांग उठी है। जिसे लेकर रांची रेल मंडल गंभीर है। ट्रेन के परिचालन से वाराणसी जाने वाले यात्रियों को भी फायदा होगा क्योंकि एक और अतिरिक्त ट्रेन बनारस के लिए रांची से खुलेगी। ट्रेन के परिचालन शुरू होने से यात्री 15 -16 घंटे के बीच लखनऊ पहुंच सकेंगे। इससे यात्रियों को काफी फायदा होगा।
यात्रियों की मांग को देखते हुए रांची रेल मंडल ने रांची से लखनऊ के बीच ट्रेन का परिचालन शुरू करने के लिए एक प्रस्ताव मुख्यालय को भेजा है। इसकी सुविधा शुरू होने से यात्रियों को काफी सहूलियत होगी। ट्रेन को लेकर व्यापारी भी मांग कर रहे थे।
अवनीश
सीनियर डीसीएम ,रांची रेल मंडल।