Disproportionate Assets Case: जमशेदपुर के इंडो डेनिस टूल रूम के डीजीएम सहित तीन पर चार्जशीट
Indo Danish Tool Room आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में डीजीएम आशुतोष कुमार उनकी पत्नी चयनिका और भतीजे केशव वत्स को आरोपित बनाया गया है।
रांची, जासं। Indo Danish Tool Room आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले ( Disproportionate Assets Case) में सोमवार को जमशेदपुर के डंडो डेनिस टूल रूम के डीजीएम आशुतोष कुमार, उनकी पत्नी चयनिका और भतीजा केशव वत्स के खिलाफ सीबीआइ के विशेष जज एके मिश्रा की अदालत में चार्जशीट दाखिल की गई। हालांकि, सीबीआइ द्वारा आरोपित के खिलाफ अभियोजन स्वीकृति आदेश अदालत में नहीं जमा किया गया। इस कारण इस मामले में अदालत ने संज्ञान पारित नहीं किया। मामला आरसी 17ए/2016 से जुड़ा है। 30 सितंबर 2016 को सीबीआइ ने मामले में प्राथमिकी दर्ज की थी।
डीेजीएम पर यह है आरोप
सीबीआइ की चार्जशीट के अनुसार डीजीएम आशुतोष कुमार ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए एक अप्रैल 2007 से सात अक्टूबर 2016 के बीच आय से एक करोड़ 96 लाख 27 हजार 625 रुपये की अवैध कमाई की। भ्रष्टाचार की भनक लगने पर सीबीआइ ने पहले छानबीन की। जब डीजीएम व उनकी पत्नी तथा भतीजे के बैंक एकाउंट व अन्य संपत्ति की जांच की गई, तो आरोप सत्य पाए गए थे।
आय से अधिक संपत्ति के मामले में सीपीडब्ल्यूडी के कार्यपालक अभियंता पर आरोप तय
आय से अधिक संपत्ति मामले में सेंट्रल पब्लिक वक्र्स डिपार्टमेंट (सीपीडब्ल्यूडी) के कार्यपालक अभियंता राजेश कुमार एवं उनकी पत्नी अनामिका कुमारी के खिलाफ मंगलवार को सीबीआइ के विशेष जज एके मिश्रा की अदालत में आरोप तय हुआ। मामला आरसी10ए/15 से जुड़ा है। अभियंता पर एक अप्रैल 2009 से 31 मार्च 2014 के बीच एक करोड़ 36 लाख 28 हजार 870 रुपये आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। भ्रष्टाचार की सूचना पर सीबीआइ ने तहकीकात की। मामला सत्य पाए जाने पर 30 सितंबर 2015 को सीबीआइ ने कार्यपालक अभियंता एवं उनकी पत्नी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू की। चार्जशीट दाखिल करने के दौरान अभियंता एवं उनकी पत्नी अदालत में सशरीर उपस्थित थे।