Dhanbad Coronavirus News: धनबाद के जामाडोबा में मिले 20 कोरोना पॉजिटिव, कोलियरी में खलबली; जानें ताजा हाल
Coronavirus Dhanbad झारखंड में शनिवार को 65 कोरोना संक्रमितों का पता चला है। आज टाटा के जामडोबा कोलियरी में सबसे अधिक 20 कोरोना संक्रमित की पहचान की गई।
रांची, जेएनएन। Coronavirus Dhanbad झारखंड में शनिवार को 65 कोरोना संक्रमितों का पता चला है। आज टाटा के जामडोबा कोलियरी में सबसे अधिक 20 कोरोना संक्रमित की पहचान की गई। धनबाद के डीसी अमित कुमार ने जामाडोबा में 20 कोरोना संक्रमित मिलने की पुष्टि की है। टाटा की जामाडोबा कोलियरी के 20 लोगों में कोरोना संक्रमण होने के बाद खलबली मच गई है। धनबाद में एक बैंकर के भी कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। इस तरह आज कुल 21 कोरोना पॉजिटिव धनबाद से सामने आए हैं।
शुक्रवार को कोरोना जांच के दौरान टाटा जामाडोबा कोलयरी हेड कोरोना संक्रमित पाए गए थे। जिसके बाद शनिवार कोलियरी में कार्यरत लोगों की कोरोना जांच की शुरुआत की गई थी। इसमें बीस से अधिक लोग एक साथ कोरोना संक्रमित मिले। एक ही जगह इतनी बड़ी संख्या में कोरोना वायरस संक्रमित मरीज मिलने के बाद कोलियरी को एहतियातन बंद कर दिया गया है। पूरे इलाके को सैनिटाइज्ड किया जा रहा है। यहां कोरोना संक्रमण के रोकथाम को लेकर प्रशासन के अफसर मुस्तैद हो गए हैं।
एक साथ 20 पॉजिटिव केस की जांच एमजीएम जमशेदपुर में होने की बात बताई जा रही है। जमशेदपुर में आज 10 लोग पॉजिटिव मिले हैं। सभी स्थानीय हैं। इधर झारखंड में शनिवार को मिले 65 कोरोना संक्रमितों में 11 सरायकेला खरसावां, 10 जमशेदपुर, 5 बोकारो, 5 गुमला, 3 हजारीबाग और 3 नए कोरोना पॉजिटिव रांची में मिले हैं। चतरा में फिर से 2 कोरोना संक्रमितों की पुष्टि हुई है।