Shardiya Navratri 2019: भक्तों ने की मां चंद्रघंटा की आराधना, दुर्गा पूजा की तैयारी तेज
Shardiya Navratri 2019 दुर्गा पूजा की तैयारियों के बीच शारदीय नवरात्र के तीसरे दिन शक्ति की अधिष्ठात्री देवी मां दुर्गा के तीसरे स्वरूप मां चंद्रघंटा की उपासना की जा रही है।
रांची, जेएनएन। Shardiya Navratri 2019 दुर्गा पूजा की तैयारियों के बीच शारदीय नवरात्र के तीसरे दिन मंगलवार को शक्ति की अधिष्ठात्री देवी मां दुर्गा के तीसरे स्वरूप मां चंद्रघंटा की उपासना की जा रही है। भक्त अपने अराध्य की भक्ति में लीन हैं। राजधानी रांची के मठ-मंदिरों और घरों में सुबह से ही पूजन-अारती से माहौल भक्तिमय बना है। मां चंद्रघंटा को शांतिदायक और कल्याणकारी माना जाता है। इनके मस्तक पर घंटे के आकार का चंद्र सुशोभित हो रहा है। इनका शरीर सोने के समान है। वे खड्ग या अन्य अस्त्र-शस्त्र से विभूतिषत होती हैं। मां चंद्रघंटा की पूजा कर श्रद्धालुओं ने शांति और कल्याण का आशीष मांगा।
दुर्गा पूजा की तैयारी तेज
राजधानी रांची में दुर्गा पूजा की तैयारी तेज हो गई है। पूजा-पंडालों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। शहर के मेनरोड, चुटिया, जगन्नाथपुर, कांटाटोली, स्टेशन रोड, हरमू, हिनू और एचईसी समेत कई इलाकों में पंडालों को आकर्षक रूप दिया गया है। कई जगहों पर थीम आधारित पंडाल भी इस बार दुर्गा पूजा पर श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनेंगे।
बारिश से मिली राहत पूजा पंडालों को अंतिम रूप में जुटी पूजा समिति
हजारीबाग में लगातार चार दिनों की बारिश के बाद मंगलवार सुबह निकली धूप से पूजा समितियों ने राहत की सांस ली है। मौसम साफ होने के बाद पूजा समिति अब पंडालों को अंतिम रूप देने में जुट गई है। बारिश से प्रभावित पूजा बाजार भी आज से सामान्य होने की पूरी उम्मीद है। देवांगना समिति, बड़ा बाजार पूजा समिति, कोरा समिति के द्वारा भव्य पूजा पंडाल बनाया जा रहा है. बारिश ने इसमें खलल डाल दिया था।