Coronavirus Update: झारखंड के देवघर में फिर मिले 2 कोरोना मरीज, अबतक 115; जानें ताजा हाल
Deoghar Coronavirus Cases News Update देवघर में मिले दो कोरोना संक्रमितों में एक नारंगी पंचायत के बाराकोला का रहने वाला है तो दूसरा डकाई पंचायत के मंझली टिकुर गांव का निवासी है।
रांची, राज्य ब्यूरो। Deoghar Coronavirus Cases News Update झारखंड में शुक्रवार और शनिवार को 4 नए मरीज मिलने के बाद राज्य में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 115 हो गई है। राहत की बात यह है कि रांची में आठ दिनों के बाद शनिवार को कोई पॉजिटव केस नहीं मिला। वहीं, हजारीबाग और बोकारो के एक-एक मरीजों ने कोरोना को मात दी है।
शनिवार को देवघर के सारवां में दो नए पॉजिटव केस मिले। इनमें एक 42 वर्षीय पुरुष और एक 13 वर्षीय नाबालिग है। ये दोनों हरियाणा और बंगाल में अलग-अलग जगह ट्रक चालक व खलासी का काम करते थे। इसके साथ ही देवघर में अब कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर चार हो गई है।
इससे पहले शुक्रवार को रांची में दो नए मरीज मिले थे। इनमें एक हिंदपीढ़ी का युवक और पुंदाग की एक महिला शामिल है। इधर, हजारीबाग का तीसरा मरीज भी कोरोना से मुक्त हो चुका है। उसे अस्पताल से छु़ट्टी मिल चुकी है। अब वह 14 दिनों तक होम क्वारंटाइन में रहेगा। इसके बाद हजारीबाग में फिलहाल कोई भी कोरोना से संक्रमित नहीं है। इससे पहले भी हजारीबाग के विष्णुगढ के दोनों मरीज संक्रमण से मुक्त हो चुके हैं। अगले 21 दिनों तक नया केस नहीं आता है तो इस जिले को कोरोना मुक्त जिला घोषित किया जाएगा। इससे पहले, धनबाद के भी दो संक्रमितों ने कोरोना को मात दी थी। इस तरह धनबाद और हजारीबाग ग्रीन जोन बनने की राह पर हैैं। वहीं बोकारो में भी एक-एक कर मरीज ठीक होते जा रहे हैैं।
इधर, बोकारो के भी एक मरीज ने कोरोना को मात दी है। इस मरीज के भी 24 घंटे के भीतर दोनों रिपोर्ट निगेटिव आई। यहां दस मरीजों में से छह कोरोना संक्रमण से मुक्त हो चुके हैं, जबकि एक की मौत पहले ही हो गई थी। अब इस जिले में महज तीन पॉजिटव केस है। पूरे राज्य की बात करें तो कुल 23 लोगों ने कोरोना को मात दी है। हालांकि इनमें से एक की मृत्यु संक्रमण से मुक्त होने के बाद भी कार्डियक अरेस्ट से हो चुकी है। राज्य में अभी भी 99 एक्टिव केस हैं।
अबतक कहां कितने मरीज
- रांची : 84
- बोकारो : 10
- हजारीबाग : 03
- धनबाद : 02
- गिरिडीह : 02
- सिमडेगा : 02
- देवघर : 04
- गढ़वा : 03
- पलामू : 03
- जामताड़ा : 02
- गोड्डा : 01
देवघर में शनिवार को 2 कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। ताजा जानकारी के मुताबिक दोनों के कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि पीएमसीएच, धनबाद ने की है। इसके साथ ही झारखंड में अबतक 115 कोरोना संक्रमित मरीजों की पुष्टि हो चुकी है। दोनों युवक जिले के सारवां प्रखंड क्षेत्र के रहने वाले हैं। एक नारंगी पंचायत के बाराकोला गांव का रहने वाला है तो दूसरा डकाई पंचायत के मंझली टिकुर गांव का निवासी है। दोनों कोरोना संदिग्ध सारवां के क्वॉरेंटाइन सेंटर में रखे गए थे।
बताया गया है कि आज कोरोना संक्रमित मिला एक युवक हरियाणा में ट्रक चलाता है। जबकि दूसरा कोरोना मरीज बंगाल में खलासी है। देवघर के उपायुक्त नैंसी सहाय ने बताया कि दोनों संदिग्धों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद दोनों को मां ललिता अस्पताल के कोरोना वार्ड में भर्ती कराया गया है। इधर देवघर में आज फिर मिले दो कोरोना संक्रमितों के बाद जिले में कुल 4 कोरोना मरीज हो गए हैं। इससे पहले भी 2 कोरोना मरीज देवघर में मिल चुके हैं।