डेंगू से पुलिस जवान की मौत रिम्स में 30 से अधिक मरीज भर्ती
राज्य में डेंगू का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है।
जागरण संवाददाता, रांची : राज्य में डेंगू का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को झुमरीतिलैया निवासी पुलिस जवान पिंटू कुमार रजक की डेंगू से मौत हो गई। पिंटू झारखंड जगुआर से जुड़ा जवान था। वह पिछले कई दिनों से डेंगू से पीड़ित थे। रविवार की सुबह कोडरमा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। स्थिति बिगड़ने के बाद मंगलवार की सुबह उसे राची रिम्स के लिए रेफर किया। रिम्स जाने के दौरान माडू में ही उसकी मौत हो गई।
इधर, मंगलवार को ही रिम्स के
आइसोलेशन वार्ड में डेंगू के छह मरीज भर्ती कराए गए। इनमें रांची और गुमला के दो-दो, नवादा और दुमका के एक-एक मरीज शामिल हैं। जानकारी के अनुसार रिम्स में दो माह के दौरान 130 डेंगू मरीज राज्य के विभिन्न जिलों से पहुंच चुके हैं। रिम्स के आइसोलेशन वार्ड में फिलहाल 30 से अधिक पीड़ित उपचाराधीन हैं। रिम्स पहुंच रहे डेंगू मरीजों में सबसे अधिक संख्या गुमला के पीड़ितों की है।
शहर के लोअर चुटिया वार्ड 18 के मो. इंतेसाम उर्र रहमान, हिदपीढ़ी के निसाद परवीन, गुमला के मिस्कत लक्की, इम्तियाज अंसारी, नवादा के विक्की कुमार, दुमका के आशुतोष कुमार आइसोलेशन वार्ड में उपचाराधीन है।
रिम्स आइसोलेशन वार्ड में मरीजों की संख्या बढ़ने से परेशानी बढ़ रही है। हालांकि, मरीजों की संख्या बढ़ने के साथ वार्ड बेड की संख्या बढ़ाई गई है। इसे पर्याप्त नहीं माना जा रहा है। कई बार मरीजों को जमीन पर इलाज करना पड़ता है। हालांकि, रिम्स प्रबंधन का दावा है कि मरीजों की सुविधाओं का ध्यान रखा जा रहा है।
---