वेबसाइट पर डाल दी चुनाव की फर्जी सूचनाएं, साथ ले गई दिल्ली पुलिस
Fake Notice. अलग-अलग राज्यों के चुनाव तिथि को वेबसाइट पर प्रकाशित करने वाला संचालक गोमंत कुमार मंडल रांची के डोरंडा कॉलेज में पढ़ाई कर रहा है।
रांची, जासं। वेबसाइट पर फर्जी सूचना पोस्ट करना एक वेबसाइट संचालक को महंगा पड़ा। दिल्ली पुलिस माइटेक नाम की वेबसाइट के संचालक गोमंत कुमार मंडल को अपने साथ ले गई। गोमंत रांची के डोरंडा कॉलेज में बीए-पार्ट टू का छात्र है। मूल रूप से साहेबगंज का रहने वाला है। फिलहाल चुटिया क्षेत्र के क्लब रोड में रहता है। जानकारी के अनुसार गोमंत कुमार ने माइटेक नाम से एक वेबसाइट बना रखी है।
उस वेबसाइट पर लोक सभा चुनाव संबंधित तिथि की क्रमवार सूची है। जिसमें भारत के अलग-अलग राज्यों में होने वाले चुनाव का जिक्र है। इस सूचना को गोमंत ने अपनी वेबसाइट पर पोस्ट कर दिया था। पोस्ट करने के बाद मामला दिल्ली पुलिस में पहुंचा। दिल्ली पुलिस ने इसकी जांच करते हुए गोमंत का लोकेशन ट्रैक करते हुए रांची के चुटिया थाना पहुंची। चुटिया थाना पहुंचकर युवक को पुलिस ने हिरासत में लिया। इसके बाद अपने साथ ले गई।
चुटिया थानेदार अरुण कुमार ने बताया है कि पुलिस गोमंत को सीआरपीसी 41-ए के तहत नोटिस तामिला कराने पहुंची थी। नोटिस का जवाब गुरुवार को ही देना है। इसलिए दिल्ली पुलिस के साथ ही चला गया। दिल्ली पुलिस मुख्यालय में उसे हाजिर होकर अपना पक्ष रखने के लिए कहा गया है।
दिल्ली में दर्ज हुआ है मामला : निर्वाचन संबंधित सूचना वेबसाइट पर चलने के बाद दिल्ली में एक मामला दर्ज हुआ है। इससे संबंधित नोटिस को दिल्ली पुलिस ने तामिला करवाते हुए चुटिया थाने में एक प्रति दी है।
वाट्सएप से सूचना को किया था कॉपी : वहीं गोमंत के साथ जाने पर उसने एक लिखित आवेदन दिया है, जिसमें लिखा है कि वह स्वेच्छा से दिल्ली पुलिस के साथ जा रहा है। युवक दिल्ली पुलिस को बता रहा था कि उसने वाट्सएप के जरिए संबंधित सूचना को उठाया था। इसके बाद पोस्ट किया था।