Jharkhand: साहिबगंज और लातेहार के डीसी बदले, वर्तमान डीसी कार्मिक विभाग में देंगे योगदान
राज्य सरकार ने साहिबगंज और लातेहार के उपायुक्तों का तबादला कर दिया है। साहिबगंज में रामनिवास यादव को उपायुक्त बनाया गया है जबकि लातेहार में अबू इमरान को यह जिम्मेदारी दी गई है। कार्मिक प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग ने अधिसूचना जारी करते हुए यह भी निर्देश दिया है।
रांची (राज्य ब्यूरो) । राज्य सरकार ने साहिबगंज और लातेहार के उपायुक्तों का तबादला कर दिया है। साहिबगंज में रामनिवास यादव को उपायुक्त बनाया गया है जबकि लातेहार में अबू इमरान को यह जिम्मेदारी दी गई है। कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग ने अधिसूचना जारी करते हुए यह भी निर्देश दिया है कि इन तबादलों से प्रभावित दोनों वर्तमान उपायुक्त कार्मिक विभाग में योगदान देंगे।
रामनिवास यादव वर्तमान में श्रम आयुक्त की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं जबकि अबू इमरान राजस्व पर्षद में सचिव के पद पर नियुक्त हैं। इन दोनों पदों पर अभी किसी की पदस्थापना नहीं हुई है।
देवघर, पलामू व गिरिडीह के काराधीक्षक बदले
इसके अलावा देवघर, पलामू व गिरिडीह के काराधीक्षक का तबादला हो गया है। इससे संबंधित अधिसूचना बुधवार को जारी की गई। केंद्रीय कारा देवघर के काराधीक्षक जितेंद्र कुमार को केंद्रीय कारा मेदिनीनगर पलामू का काराधीक्षक बनाया गया है। इसी तरह केंद्रीय कारा मेदिनीनगर पलामू के काराधीक्षक प्रवीण कुमार को स्थानांतरित करते हुए उन्हें कारा निरीक्षणालय में सहायक कारा महानिरीक्षक बनाया गया है। मंडल कारा सिमडेगा के काराधीक्षक राज माेहन राजन को केंद्रीय कारा गिरिडीह का काराधीक्षक बनाया गया है।