Dandiya Night 2019: डांडिया नाइट में फिल्मी सितारों संग झूम रही रांची, डीजे वाले बाबू पर थिरक रहे युवा
रांची के होटल बीएनआर चाणक्या में दैनिक जागरण डांडिया उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। लोग बड़े उत्साह से डांडिया नाइट में भाग ले रहे हैं।
रांची, जासं। फिजां में फैला मधुर गीतों का स्वर और हाथों में डांडिया स्टिक। कदमों की ताल संग जोर पकड़ता उत्साह। यहां मौजूद हर शख्स डांडिया का आनंद ले रहा है। महिलाएं, युवतियां और युवाओं के कदम गीतों के साथ कदमताल कर रहे हैं। रांची के होटल बीएनआर चाणक्या में दैनिक जागरण के डांडिया नाइट में लोग गरबा कर रहे हैं। रंग-बिरंगे परिधानों में आए लोग डांडिया का खूब मजा उठा रहे हैं। यहां मौजूद लोगों का उत्साह और जोश बढ़ाने के लिए बॉलीवुड अभिनेत्री महक चहल, मोनिका राय और जसलीन मथारू मौजूद हैं।
डांडिया की धुन और लोगों के ताल ने जसलीन मथारू का स्टेज पर स्वागत किया। जसलीन ने गाने शुरू भी नहीं किए थे कि लोगों ने माहौल को शोर से भर दिया। जैसे ही जसलीन की पार्टी शुरू हुई लोगों ने जमकर ठुमके लगाए। अभी तो पार्टी शुरू हुई है, गाने पर युवाओं ने ताल से ताल मिलाया। काला चश्मा गाना चलते ही डांडिया के ड्रेस में काले चश्मे में भी आ गए। जसलीन लगातार एक से एक गानों की बारिश करने लगी। लड़की ब्यूटीफुल कर गई चुल्ल के बाद ब्रेकअप सांग ने लोगों को खूब झुमाया। महफिल में मौजूद सभी जोड़ों ने एक-एक गाने को खूब एंजॉय किया।
डीजे वाले बाबू ने भी बजाया गाना
जैसे ही डीजे वाले बाबू मेरा गाना बजा दो की शुरुआत हुई, लोग उसकी धुन के साथ स्टेज के पास पहुंच गए। डांस और एंटरटेनमेंट के बीच सभी ने सेल्फी सांग की डिमांड की। फिर क्या था। जसलीन ने उनकी शौक पूरी करते हुए सेल्फी सांग में भी खूब झुमाया।
इससे पहले कार्यक्रम का उद्घाटन शहर की मेयर आशा लकड़ा के साथ कार्यक्रम में आई अतिथियों ने किया। यहां मौजूद रांची के सांसद संजय सेठ ने कहा कि युवाओं को नशा से दूर रहने का संकल्प लेना चाहिए।