गुमला में सिलेंडर फटने से मकान में लगी आग, छत क्षतिग्रस्त, जान-माल का भारी नुकसान
Jharkhand News गुमला में रसोई गैस सिलेंडर फटने से मकान क्षतिग्रस्त हो गया है। किसी तरह रात में ही आग पर काबू पाया गया। गैस सिलेंडर में गैस कम था। जिसके कारण सिलेंडर की आग ने भयावह रुप नहीं लिया नहीं तो हो सकता था भारी नुकसान।
गुमला, जागरण संवाददाता। Jharkhand News : गुमला में बसिया थाना क्षेत्र के भागीडेरा गांव में देवाशीष नायक के घर में बुधवार की रात रसोई गैस सिलेंडर फटने से मकान क्षतिग्रस्त हो गया है। तेज आवाज के साथ हुए विस्फोट की आवाज से गांव में अफरा तफरी मच गई। फिर एक एक कर ग्रामीण बाहर निकले तो देखा कि देवशीष के मकान में आग लगा है। किसी तरह रात में ही आग पर काबू पाया गया। घर के अंदर जाने पर पता चला कि गैस सिलेंडर फटने के कारण घर में रखे सामान व छत पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। सिलेंडर ऊपरी हिस्से से फट गया। कमरे के अंदर बंद किए मुर्गी व बकरी झुलस गए।
घटना की सूचना मिलने पर मौके पर थाना प्रभारी अनिल लिंडा एवं बीडीओ रबिन्द्र कुमार गुप्ता घटनास्थल पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया।
देवाशीष का परिवार रात में उसी कमरे में खाना बनाकर खाना खाने के बाद उस कमरे को बंद कर दूसरे मकान में सोने के लिए चले गए थे। जाने से पहले उस मकान में ताला लगा दिया था।
कम था सिलेंडर में गैस
गैस सिलेंडर में गैस कम था। जिसके कारण सिलेंडर की आग ने भयावह रुप नहीं लिया। नहीं तो आस पास के मकान में इसके चपेट में आ सकते थे।
सिलेंडर में आग कैसे लगी इसका पता नहीं चल पाया है। हालांकि सिलेंडर का ऊपरी हिस्से फट गया है।