अब एक क्लिक पर दिखेगी अपराधियों की पूरी हिस्ट्री, देख सकेंगे एक-एक एफआइआर
Jharkhand Hindi News. पुलिस की कार्यप्रणाली को पूरी तरह ऑनलाइन बनाने की पहल हो रही है। केस की जांच रिपोर्ट भी ऑनलाइन रहेगी।
रांची, [फहीम अख्तर]। रांची का पुलिस महकमा पूरी तरह हाईटेक होने जा रहा है। कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। नई प्रणाली के तहत एक क्लिक पर अपराधियों के बारे में पूरी सूचना कंप्यूटर स्क्रीन से लेकर मोबाइल तक पर उपलब्ध होगी। वहीं थानों की ऑनलाइन मॉनिटरिंग की व्यवस्था होगी। ऐसी व्यवस्था विकसित होने जा रही है जिसमें थानों में दर्ज होने वाली एक-एक एफआइआर की पूरी जानकारी तत्काल उच्चाधिकारियों को उपलब्ध हो जाएगी। केस की जांच रिपोर्ट भी ऑनलाइन उपलब्ध होगी।
हाईटेक हो रही व्यवस्था का यह दूसरा चरण
पुलिस की हाईटेक हो रही व्यवस्था का यह दूसरा चरण होगा। इससे पहले सभी थानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने का कार्य पूरा हो चुका है। दूसरे चरण में पुलिस अपने सारे रिकार्ड ऑनलाइन करने पर काम कर रही है। इसकी पहल भी शुरू हो चुकी है। इसमें पुलिस अपने आइटी एक्सपर्ट की ही मदद ले रही है।
थानों में पड़े-पड़े खराब हो जाते हैं रिकॉर्ड
अक्सर थानों में फाइलों का भंडार होता है। कई बार केस की जांच सुस्त होने पर पुलिस की फाइलें बरसों तक एक ही जगह पड़ी रह जाती हैं। इसमें कई सारे जरूरी रिकॉर्ड खराब हो जाते हैं। लिहाजा अब नई प्रणाली के तहत इस पूरी व्यवस्था में बदलाव किया जाना है।
अपराधियों का इतिहास खंगालने में पुलिस लेती है जेल प्रशासन की मदद
अब तक अपराधियों का इतिहास खंगालने में पुलिस जेल प्रशासन की मदद लेती है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद जेल से मिलने वाली सूचनाओं पर पुलिस की निर्भरता खत्म हो जाएगी। पुलिस का अपना डाटाबेस होगा।
'हम पुलिस को पूरी तरह हाईटेक बनाने की योजना पर काम कर रहे हैं। अलग-अलग चरण में कार्य हो रहे हैं। नई प्रणाली का फायदा पुलिस के साथ-साथ जनता को भी मिलेगा।' -अनीश गुप्ता, वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची, झारखंड।