Crime Roundup Jharkhand: गिरिडीह में बच्ची से दरिंदगी पर पर्दा डाल रही पंचायत, रांची में नाबालिग से छेड़खानी
Crime Roundup Jharkhand News रांची के चान्हो में अनियंत्रित तेज रफ्तार बना काल। डिवाइडर से टकराकर होंडा अमेज कार के परखच्चे उड़े। इसमें तीन की मौत हो गई। इधर फेसबुक हैकिंग के मामले लगातार सामने आ रहे हैं।
रांची, राज्य ब्यूरो। महिलाओं-बच्चियों से होने वाले अपराध के प्रति समाज को संवेदनशील बनाने के पुलिस मुख्यालय का प्रयास धरातल पर नजर नहीं आता। ताजा मामला गिरिडीह से है। यहां जिले के गांडेय थाना क्षेत्र के एक गांव में 12 साल की बच्ची से दरिंदगी का मामला सामने आया और यहां इस मामले पर पांच दिनों तक पंचायत पर्दा डाल रही थी। गांव में न्याय नहीं मिलने पर पीड़ित बच्ची के साथ उसके स्वजन थाने पहुंचे, जिसके बाद पुलिस ने बच्ची की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू की है।
राजधानी रांची में भी महिलाएं-बच्चियां असुरक्षित हैं। यहां हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्र में एक नाबालिग से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में दो नाबालिगों सहित चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। चोरी की घटनाओं के लिए कुख्यात रांची में फिर दस लाख रुपये मूल्य के जेवरात की चोरी हुई है। यह घटना खेलगांव स्थित हाउसिंग कॉलोनी के एक फ्लैट में हुई है, जिसके बाद से ही वहां की सुरक्षा-व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
रांची से ही दूसरी सबसे बड़ी खबर है कि जिले के चान्हो थाना क्षेत्र में एक अनियंत्रित तेज रफ्तार से जा रही होंडा अमेज कार डिवाइडर से टकरा गई। रफ्तार इतनी तेज थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार तीन लोगों की मौत हो गई। पिछले 24 घंटे के भीतर साइबर अपराधियों ने एक बार फिर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है।
जमशेदपुर के एक चिकित्सक डा. आर कुमार के फेसबुक अकाउंट को हैक कर एक अन्य डॉक्टर से ठगी की गई है। फेसबुक हैकिंग के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। अपराधियों के बढ़ते मनोबल का अनुमान इस बात से ही लगाया जा सकता है कि लोहरदगा के दो पूर्व विधायकों को डीजीपी को पत्र लिखकर अपने जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगानी पड़ी। दोनों ही पूर्व विधायकों ने हत्या की साजिश रचने की शिकायत की है।