Crime Roundup Jharkhand: सुर्खियों में झारखंड का गुमला जिला, एक माह में तीसरी बार डबल मर्डर
Crime Roundup Jharkhand झारखंड के पाकुड़ में दारोगा ने खुदकुशी की। कोडरमा में बंदी की मौत के बाद हंगामा व रांची में इंजीनियर की मौत से सनसनी है। आरोप है कि उन्हें जहर देकर मार डाला गया है।
रांची, राज्य ब्यूरो। चर्चित हत्याओं को लेकर गुमला इन दिनों सुर्खियों में है। पहले बिहार निवासी दो फेरीवालों की जिले के सिसई थाना क्षेत्र में हत्या, उसके बाद भाई-बहन की घाघरा थाना क्षेत्र में हत्या के बाद फिर दो हत्याओं ने जिले की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाना शुरू कर दिया है। ये दोनों हत्याएं भी गुमला जिले के घाघरा थाना क्षेत्र स्थित पाकरकोना गांव में हुई है। एक पारा शिक्षक सहित दो की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई है।
गत 24 घंटे के भीतर इन घटनाओं से इतर कई घटनाओं ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा। पाकुड़ में तनाव ने एक प्रशिक्षु दारोगा रानू कुमार की जान ले ली है। रानू ने अपने किराये के मकान में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। इसी तरह हजारीबाग के जयप्रकाश नारायण केंद्रीय कारा में एक उम्रकैद की सजा काट रहे एक बंदी की मौत के बाद कोडरमा में भारी हंगामा हो गया और ग्रामीणों ने रेलवे ट्रैक को जाम कर दिया।
मृत बंदी कोडरमा के जयनगर का रहने वाला था और हत्या के एक मामले में उम्रकैद की सजा काट रहा था। रांची में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के इंजीनियर अरुण कुमार सिंह की संदेहास्पद स्थिति में मौत का मामला सनसनी बना रहा। आरोप है कि उन्हें जहर देकर मार डाला गया है। वे लातेहार के केचकी गांव के रहने वाले थे और वर्तमान में रांची के बिरसा चौक के समीप न्यू गांधी नगर में पत्नी व बच्चों के साथ रहते थे।
रांची से ही दूसरी खबर है कि खुद को पति-पत्नी बताकर देह व्यापार के धंधेबाजों ने अरगोड़ा थाना क्षेत्र में किराए पर एक फ्लैट लिया था। गुप्त सूचना पर पुलिस ने छापेमारी कर दो कॉलगर्ल सहित सात लोगों को गिरफ्तार किया है। रांची में 24 घंटे के भीतर पुलिस को उपलब्धियां भी खूब हाथ लगी है। नकली पिस्तौल से लूटपाट करने में जहां पांच आरोपित गिरफ्तार किए गए हैं, वहीं एटीएम बदलकर खाते से रुपये उड़ाने वाले गिरोह के दो सदस्यों को भी पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।