Crime Roundup Jharkhand: नशा बेचने वाली आंटी के घर पड़ी पुलिस की दबिश तो खिड़की से कूदकर भाग निकली
Crime Roundup Jharkhand पलामू में बेटी के साथ मिलकर ब्राउन शुगर का धंधा करती थी। बेटी सहित तीन दबोचे गए। साइबर अपराध से मुंबई के लोगों को चूना लगाने में गांडेय में बैंक के लिए ग्राहक सेवा केंद्र चलाने वाले दो सगे भाई गिरफ्तार हुए।
रांची, राज्य ब्यूरो। नशे के धंधे में औरतें पुरुषों से पीछे नहीं हैं। इसका ताजा उदाहरण पलामू से है, जहां एक नशे का धंधा करने वाली नशीली आंटी के घर जब पुलिस की दबिश पड़ी तो वह खिड़की से कूदकर भाग निकली। पुलिस ने उसके घर से इस धंधे में लिप्त उसकी बेटी सहित तीन लोगों को दबोच लिया है। मौके से पुलिस को ब्राउन शुगर की पुड़िया के अलावा 90 हजार 780 रुपये नकदी व 15 लीटर महुआ शराब मिले हैं।
राज्य के लिए बात-बात पर आम बात बन चुकी हत्या के लिए गुरुवार का दिन भी खाली नहीं गया। गुमला में बिहार के फेरीवाले दो व्यापारियों की अपहरण के बाद हत्या कर दी गई। यह घटना गुमला जिले के सिसई थाना क्षेत्र के सीमावर्ती इलाके की है। मृतक बिहार के सीतामढ़ी व मोतिहारी के बताए गए हैं। साइबर अपराध के लिए सनसनी रही झारखंड में अब ताजा मामला गांडेय से है।
यहां से मुंबई की पुलिस ने झामुमो नेता के दो पुत्रों को गिरफ्तार कर अपने साथ लेकर चली गई। आरोप है कि दोनों शातिर साइबर अपराधी हैं और गांडेय में एक प्रतिष्ठित बैंक का ग्राहक सेवा केंद्र खोलकर मुंबई के लोगों को चूना लगा चुके हैं। सिमडेगा पुलिस के लिए गत 24 घंटे उपलब्धियाें भरा रहा। यहां की पुलिस ने छापेमारी कर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से पीएलएफआइ के पांच उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है।
इनके पास से पिस्टल व कारतूस आदि की बरामदगी की गई है। रांची से खबर है कि यहां के बरियातू थाना क्षेत्र से दो दिन पहले अपहृत एक नाबालिग को पुलिस ने लातेहार के नेतरहाट से सकुशल खोज निकाला है। आरोपित गिरफ्तार किए जा चुके हैं। रांची में गत 24 घंटे तनाव भरा रहा। यहां एक बेटे ने सिर्फ इसलिए खुदकशी कर ली कि उसकी मां ने उसकी शादी को मंजूरी नहीं दी थी।
शादी नहीं होने से वह युवक तनाव में रहता था। रांची से ही खबर है कि खेलगांव इलाके में कुछ दिनों से मानसिक तनाव में रह रही एक इंजीनियरिंग कॉलेज की 22 वर्षीया छात्रा ने खुद पर केरोसीन उड़ेलकर आग के हवाले कर दिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।