Jharkhand: ग्राम पंचायतों में आज से Corona Vaccine का विशेष अभियान, आप भी लगवाइए
Jharkhand Corona Vaccine झारखंड में कोरोना टीकाकरण का दूसरा विशेष अभियान रविवार से शुरू होगा। आठ दिनों में प्रतिदिन डेढ़ लाख लोगों के टीकाकरण का लक्ष्य है। चार चरणों में चार से पांच अप्रैल सात से आठ अप्रैल 10 से 11 अप्रैल तथा 13 से 14 अप्रैल तक टीका लगेगा।
रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand Corona Vaccine राज्य में कोरोना टीकाकरण का दूसरा विशेष अभियान रविवार से शुरू होगा। आठ दिनों के इस अभियान में प्रतिदिन डेढ़ लाख लोगों के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है। चार चरणों में यह अभियान क्रमश: चार से पांच अप्रैल, सात से आठ अप्रैल, 10 से 11 अप्रैल तथा 13 से 14 अप्रैल तक चलाया जाएगा। इस बीच सात अप्रैल को विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर अधिक से अधिक लोगों का टीकाकरण कराया जाएगा।
इस दिन शिक्षकों, शिक्षा विभाग के अन्य कर्मियों, मिड डे मील बनानेवाली रसोइया आदि का टीकाकरण कराया जाएगा। इस विशेष अभियान के तहत पंचायत केंद्रों में टीका केंद्र बनाकर टीकाकरण किया जाएगा। जिन केंद्रों पर सामान्य दिनों टीकाकरण होता है वह भी जारी रहेगा। विशेष अभियान चलाए जाने से राज्य में कोरोना टीकाकरण में तेजी आने की संभावना है। बता दें कि इससे पहले कोरोना टीकाकरण का पहला विशेष अभियान 20 से 27 मार्च तक चलाया गया था जिसमें कुल 6,59,825 लोगों को पहली डोज का टीका लगा था।
15 लाख से अधिक लोगों को पड़ चुकी पहली डोज
राज्य में शनिवार को 27,709 लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया। इनमें 23,430 लोगों ने पहली डोज तथा 4,279 लोगों ने दूसरी डोज का टीकाकरण कराया। पहली डोज का टीका लेनेवालों में 1,693 हेल्थ केयर एवं फ्रंटलाइन वर्कर्स शामिल हैं। वहीं, 45 वर्ष से अधिक उम्र के 21,737 सामान्य नागरिकों ने भी पहली डोज का टीका लिया।
अबतक 15,13,220 लोगों का पहली डोज का टीकाकरण हो चुका है, जिनमें 4,28,429 हेल्थ केयर एवं फ्रंटलाइन वर्कर्स शामिल हैं। शेष सभी 45 वर्ष से अधिक आयु के लोग हैं। इधर, शनिवार को 4,279 लोगों ने दूसरी डोज का भी टीका लिया। इनमें 2,039 हेल्थ केयर एवं फ्रंटलाइन वर्कर्स तथा 2,240 अन्य (45 वर्ष से अधिक आयु वाले) शामिल हैं। अबतक 2,61,614 लोगों ने दूसरी डोज का भी टीकाकरण करा लिया है। इनमें 2,44,321 हेल्थ केयर एवं फ्रंटलाइन वर्कर्स शामिल हैं।