COVID-19 Vaccine: रांची के 65 केंद्रों पर मिल रही कोविड वैक्सीन, लोगों की उमड़ी भीड़
Coronavirus Vaccine Jharkhand News COVID-19 Vaccine लंबे इंतजार के बाद रांची जिले में कोरोना वैक्सीन मिल रही है। इस कारण लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। शारीरिक दूरी और कोरोना गाइडलाइन का धड़ल्ले से उल्लंघन किया जा रहा है।
रांची, जासं। रांची जिले में मंगलवार को कोरोना वैक्सीन की डोज दी जा रही है। काफी दिनों के बाद वैक्सीन की डोज मिलने से लोगों में राहत है। इसे लेने के लिए सुबह से ही लोगों की भीड़ वैक्सीन सेंटर पर उमड़ती जा रही है। शारीरिक दूरी और कोरोना गाइडलाइन का धड़ल्ले से उल्लंघन किया जा रहा है। इसे देखने या रोकने के लिए कोई व्यवस्था नहीं नजर आ रही है। वैक्सीन लेने के लिए लोग सुबह 8:00 बजे से ही केंद्रों पर पहुंचने लगे। रिम्स में भी आज 4 दिनों के बाद वैक्सीन दी जा रही है। बता दें कि 21000 कोविड वैक्सीन डोज रांची जिले को मिली है।
लाइन इतनी लंबी कि लोग बैठ गए जमीन पर
सदर अस्पताल में वैक्सीन लेने को लेकर सबसे अधिक भीड़ देखी गई। यहां वैक्सीन लेने के लिए टिकट काउंटर पर दिन भर लोगों की लंबी कतार लगी रही। यहां टिकट लेने के बाद ही वैक्सीन दिया जा रहा था। भीड़ इतनी अधिक थी कि महिलाएं और बुजुर्ग नीचे जमीन पर ही बैठ गए और अपनी बारी का इंतजार करते रहे। इस बीच शारीरिक दूरी का भी कोई पालन नहीं किया गया। साथ ही मास्क भी काफी कम लोगों ने पहना था।
सिविल सर्जन डॉ विनोद कुमार ने बताया की काफी दिनों के बाद वैक्सीन की अच्छी डोज मिली है। जिसके बाद उम्मीद जताई जा रही है की बड़ी आबादी को राहत मिलेगी। वैक्सीन की पहली और दूसरी डोज लेने को लेकर कई सेंटरों में हो-हल्ला भी होता रहा। कई लोगों को तकनीकी समस्या का सामना करना पड़ा जिसमें वैक्सीन देने के बाद भी मैसेज नहीं आना और दूसरी दूज के लिए भी कोई सूचना नहीं होने के कारण लोग परेशान रहे।
बिना सूचना के बंद रहे कई वैक्सीनेशन सेंटर
सदर अस्पताल में वैक्सीनेशन दिया गया लेकिन अस्पताल के बगल में सरकारी स्कूल मैं बिना सूचना के केंद्र बंद कर दिया गया। केंद्र के बंद होने से काफी लोग निराश लौटते रहे। स्कूल में कहीं भी वैक्सीनेशन नहीं मिलने का कोई कारण नहीं बताया गया ना ही संबंध में कोई नोटिस चिपकाया गया था।