Coronavirus Vaccine: खुद वैक्सीन लेकर टीकाकरण अभियान की शुरुआत करेंगे झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री
Coronavirus Vaccine in Jharkhand बन्ना गुप्ता ने टीकाकरण अभियान की तैयारियों को भी संवाददाताओं से साझा किया। बताया कि आज वैक्सीन की पहली खेप आ गई है। शुरुआत में राज्य के 1.31 लाख स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगेगा।
रांची, राज्य ब्यूरो। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कोरोना महामारी के खिलाफ शुरू हो रहे टीकाकरण अभियान से नहीं डरने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि इस अभियान की शुरुआत स्वास्थ्य कर्मियों से होगी और उनकी टीम का कप्तान होने के नाते वे पहला टीका लेकर इसकी शुरुआत करेंगे। बन्ना गुप्ता ने टीकाकरण अभियान की तैयारियों को भी मीडिया से साझा किया। उन्होंने बताया कि आज वैक्सीन की पहली खेप राज्य में आ गई है। 1.62 लाख डोज झारखंड को प्राप्त हुई है। शुरुआती दौर में राज्य के 1.31 लाख स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगेगा। इसके अलावा रामगढ़ और नामकुम के मिलिट्री सेंटर भी वैक्सीन भेजी जाएगी। टीकाकरण के लिए राज्य में 129 केंद्र बनाए गए हैं।
पुलिस के कड़े पहरे में 32 मिनट में पहुंची कोरोना की वैक्सीन
कोरोना वैक्सीन कोविशील्ड की पहली खेप रांची एयरपोर्ट से स्टेट वेयरहाउस तक कड़ी सुरक्षा में पहुंचाई गई। वैक्सीन को 32 मिनट के अंदर नामकुम के स्टेट वैक्सीन सेंटर में पहुंचा दिया गया। यह वैक्सीन सुबह 9:02 बजे स्पाइस जेट के विमान से मुंबई से रांची एयरपोर्ट पहुंची थी। एयरपोर्ट से निकालकर इसे स्वास्थ्य विभाग के विशेष इंसुलेटेड वैन राष्ट्रीय टीका वाहन में रखा गया। इसके बाद वैक्सीन को भारी सुरक्षा व्यवस्था के तहत नामकुम सेंटर पहुंचाया गया।
वैन के आगे पीसीआर की गाड़ी चल रही थी। इसके अलावा पीछे भी पुलिस की गाड़ियां और स्वास्थ्य विभाग की गाड़ियां थीं। अधिकारियों ने बताया कि पहली खेप में 16200 वाइल वैक्सीन मिली है। एक वाइल से 10 लोगों को वैक्सीन का टीका दिया जा सकता है। इस तरह 166200 डोज वैक्सीन आई है। नामकुम स्थित स्टेट वेयरहाउस से बुधवार को ही यह वैक्सीन राज्य के दो अन्य रीजनल वेयरहाउस देवघर और पलामू को भेजी जाएगी। सबसे ज्यादा वैक्सीन रांची और पूर्वी सिंहभूम को मिलेगी।
सिविल सर्जन ने बताया कि कोरोना वैक्सीन टीकाकरण को निर्बाध गति से चलाने के लिए 275 कोल्ड चेन प्वाइंट बनाए गए हैं। पलामू, देवघर और जमशेदपुर में रीजनल वैक्सीन स्टोर बनाया गया है। वैक्सीन वैन में कोल्ड बॉक्स में रखकर पहुंचाई गई है। उन्होंने बताया कि 16 जनवरी से वैक्सीनेशन का काम शुरू हो जाएगा। वैक्सीनेशन के पहले दिन राज्य में 129 सेंटर पर वैक्सीनेशन होगा। हर सेंटर पर सौ-सौ फ्रंट लाइन हेल्थ वर्कर और डाॅक्टरों को वैक्सीन दी जाएगी। पहले चरण में 1 लाख 28000 स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को वैक्सीन देने का लक्ष्य रखा गया है।