Coronavirus Vaccine News: झारखंड में तीन चरणों में दिया जाएगा कोरोना वैक्सीन, जानें क्या है तैयारी
Coronavirus Vaccine News कोविड वैक्सीन आने की उम्मीद ने उत्सुकता बढ़ा दी है। जल्द ही राज्य में वैक्सीन आ सकता है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के निर्देश पर कोल्ड चैन की व्यवस्था दुरुस्त की जा रही है। वॉक इन कूलर व फ्रीजर के माध्यम सेट्रांसपोर्टेशन का काम होगा।
रांची, जासं। Coronavirus Vaccine News कोविड 19 की वैक्सीन को लेकर लोगों की उत्सुकता काफी बढ़ गई है। कोरोना महामारी से जूझ रहे लोगों की मनोकामना जल्द पूरी होने वाली है। झारखंड में जल्द ही कोरोना वायरस का वैक्सीन आ सकता है। रांची शहर में वैक्सीन के भंडारण से लेकर वितरण और अन्य प्रबंधों को लेकर मंथन शुरू हो चुका है। वैक्सीन आने के बाद सबसे पहले किसे दिया जाएगा, इसे लेकर सूची भी तैयार की जा रही है। सिविल सर्जन डॉ. वीबी प्रसाद ने बताया कि सदर अस्पताल में कोल्ड चैन की व्यवस्था ठीक है।
वैक्सीन आने से पूर्व बाकी खामियों को भी दूर कर लिया जाएगा। वैक्सीन को स्टेट हेड क्वार्टर में रखा जाएगा। वॉक इन फ्रीजर और वॉक इन कूलर के माध्यम से ट्रांसपोर्टेशन कर इसे जिला स्तर पर भेजा जाएगा। वहां कोल्ड चेन प्वाइंट तैयार किया गया है। डॉ. वीबी प्रसाद के अनुसार, जहां-जहां वैक्सीन को भेजा जाएगा, वहां ड्राइ स्पेस एरिया बनाया जाएगा। इस ड्राइ स्पेस एरिया में सीरिंज, हब कटर के अलावा अन्य सामान का भंडारण किया जाएगा।
तीन चरणों में दी जा सकती है वैक्सीन
इधर, मिली जानकारी के अनुसार, वॉक इन फ्रीजर में -25 डिग्री तापमान में वैक्सीन को रखा जा सकेगा। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के निर्देश पर राज्य में कोल्ड चैन को दुरुस्त करने की कवायद शुरू कर दी गई है। कुछ नए कोल्ड स्टोरेज के लिए भी जगह की तलाश की जा रही है। वहीं वॉक इन फ्रीजर की संख्या बढ़ाने पर भी विचार चल रहा है।
सूत्रों के अनुसार, झारखंड में तीन चरणों में वैक्सीन देने की उम्मीद जताई जा रही है। पहले चरण में हैल्थ केयर वर्कर का टीकाकरण होगा, दूसरे चरण में फ्रंट लाइन वर्कर्स (पुलिसकर्मी, सुरक्षाकर्मी, सफाई कर्मी, पारा मिलिट्री कर्मी आदि) और तीसरे चरण में बाकी लोगों का टीकाकरण किया जाएगा। हालांकि तीसरे चरण में बूढ़े-बुजुर्गों व गंभीर रोग से ग्रसित मरीजों को प्राथमिकता दी जाएगी।