LIVE Coronavirus Ranchi: रांची में तेजी से बढ़ रही कोरोना मरीजों की संख्या, अभी 484 सक्रिय मामले
LIVE Coronavirus Ranchi. रांची में रविवार को कोरोना के 22 मरीज स्वस्थ भी हुए हैं। 19 जुलाई तक रांची में कोरोना के 265 मरीज स्वस्थ होकर घर वापस लौट चुके हैं।
रांची, जेएनएन। LIVE Coronavirus Ranchi News Updates राजधानी रांची में रविवार को कोरोना वायरस के 32 नए मामले सामने आए हैं। इसके अलावा 3 कोरोना मरीजों की मौत भी हो गई है। पिछले कुछ दिनों से रांची में कोरोना मरीजों का आंकड़ा तेजी से बढ़ रहा है। अब रांची में कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या 484 हो गई है।
रांची में रविवार को कोरोना के 22 मरीज स्वस्थ भी हुए हैं। 19 जुलाई तक रांची में कोरोना के 265 मरीज स्वस्थ होकर घर वापस लौट चुके हैं। अब तक रांची में कोरोना से 12 लोगों की मौत हो गई है। इधर, रांची के रिम्स में लैब टेक्नीशियन के संक्रमित होने के कारण रविवार को कोरोना की जांच नहीं हो पाई।
रविवार को रांची के सुखदेवनगर निवासी एक बुजुर्ग की मौत हो गई। पहले से ही हृदय की बीमारी से जूझ रहे इस मरीज की मौत रविवार को सुबह में दिल का दौरा पडऩे से हो गई। रांची के पारस अस्पताल में भी दो मौतें हुई हैं। दोनों रांची निवासी ही बताए जा रहे हैं।
निजी अस्पताल के चिकित्सक समेत मिले 32 पॉजिटिव मामले
राजधानी में कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बीच रविवार को कोरोना के 32 पॉजिटिव मामले मिले हैं। इन पॉजिटिव मामलों में निजी अस्पताल के चिकित्सक भी शामिल हैं। मिली जानकारी के अनुसार रविवार को विभिन्न लैब में करीब 1000 सैंपलों की जांच की गई। इसमें बारियातू इलाके के रहने वाले एक सर्जन भी शामिल हैं। इसके अलावा अन्य पॉजिटिव मामले धुर्वा, नामकुम, पुंदाग व कठल मोड़ इलाके के हैं। करीब 18 संक्रमित निजी लैब से मिले हैं। सिविल सर्जन ने बताया कि बेड की संख्या बढ़ाई गई है। कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग भी शुरू कर दी गई है। सभी संक्रमितों को सोमवार को कोविड सेंटर में भर्ती कराया जाएगा।
लालपुर और सदर थाने की पुलिसकर्मियों ने दिया सैंपल
लालपुर और सदर थाने के पुलिसकर्मियों ने कोविड-19 टेस्ट के लिए रविवार को सैंपल दिया। दोनों थानों में मेडिकल टीम पहुंची थी। एक-एक कर पुलिसकर्मियों का सैंपल लिया गया। बता दें कि लालपुर, सदर और गोंदा थाना प्रभारी के एक ही दिन कोरोना संक्रमित मिलने के बाद थानों के सभी पुलिसकर्मियों को जांच कराने के लिए कहा गया था। इसके बाद सैंपलिंग की गई थी। हिंदपीढ़ी थाना प्रभारी भी संक्रमित मिले थे। हालांकि उनकी रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। फिलहाल रांची के सभी थानों में बाहर से ही कामकाज किए जा रहे हैं।
रिम्स के लैब में मंगलवार से शुरू होगी सैंपलों की जांच
रिम्स के माइक्रोबायोलॉजी विभाग के लैब में कार्यरत तीन कर्मचारी व एक टेक्नीशियन के संक्रमित होने के बाद लैब को तीन दिनों के लिए बंद किया गया है। लैब में सैनिटाइजेशन की प्रक्रिया की जा रही है। माइक्रोबायोलॉजी विभाग के हेड डॉ मनोज कुमार ने बताया कि लैब का संचालन मंगलवार से किया जाएगा। इससे पूर्व जितने भी पेंडिंग सैंपल थे उसकी जांच शनिवार को ही की गई है। मंगलवार को लैब खुलने के बाद फ्रेश सैंपलों के साथ टेस्टिंग शुरू की जाएगी। बताते चलें कि सैनिटाइजेशन होने के कारण लैब पूरी तरह से बंद है। रविवार को रिम्स में एक भी सैंपल की जांच नहीं की गई है।
सीपी सिंह ने खुद को किया क्वारंटाइन
इधर, रांची के विधायक और पूर्व मंत्री सीपी सिंह ने खुद को क्वारंटाइन कर लिया है। रविवार को उन्होंने ट्वीट कर बताया कि एक पॉजिटिव के संपर्क में आने के बाद उन्होंने ऐसा किया है। उन्होंने उनके (सीपी सिंह) संपर्क में आए लोगों से भी अपील की है कि वे भी खुद को क्वारंटाइन करें। साथ ही कुछ दिनों तक घर अथवा कार्यालय नहीं आने की अपील रांचीवासियों से की है।